अस्पताल संचालक ने की पत्नी की हत्या
जागरण संवाददाता, आगरा: एत्माद्दौला के नगला मोहन में अस्पताल संचालक ने पत्नी की तकिया से मुंह दबाकर ह
जागरण संवाददाता, आगरा: एत्माद्दौला के नगला मोहन में अस्पताल संचालक ने पत्नी की तकिया से मुंह दबाकर हत्या कर दी। उसकी मौत लकवा से होने की बताते हुए सबूत मिटाने की साजिश रची। मौके पर पहुंचे महिला के परिजनों और सास ने कातिल की साजिश का राज खोल दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी अस्पताल संचालक को गिरफ्तार कर लिया।
नगला मोहन निवासी लक्की यादव कमला नगर में अस्पताल चलाता है। सोमवार रात पड़ोस में मंदिर पर देवी जागरण था। पत्नी मिथलेश घर पर थीं और तीनों बच्चे पूजा (13), अनुज (8) और सैंकी (5) जागरण में गए थे। सास मुन्नी देवी छत पर सो रही थीं। देर रात लक्की ने पत्नी का तकिया से मुंह दबाकर हत्या कर दी। उसे कार में डालकर अपने गांव नगला अमर सिंह ले गया। पड़ोस में रहने वाली महिला मिथलेश के जीजा ने उसे मिथिलेश को कार में ले जाते हुए देख लिया, तो सूचना 100 नंबर पर दे दी। पुलिस ने पति और सास आदि से पूछताछ की। पति लकवा से मिथलेश की मौत होने की कहकर गुमराह करने का प्रयास करता रहा। परंतु सास मुन्नी देवी ने पुलिस को बताया कि रात में दोनों का झगड़ा हुआ था।
जानकारी पर शिकोहाबाद के नगला गुलाल निवासी मिथलेश के परिजन भी आ गए। परिजनों ने बताया कि मिथलेश की शादी 15 साल पहले लक्की से हुई थी। बरहन के नगला अमर सिंह निवासी लक्की पहले ट्रांस यमुना कॉलोनी के अस्पताल में काम करता था, अब कमला नगर में अस्पताल चला रहा था। तीन साल पहले उसने ट्रांस यमुना के अस्पताल की नर्स से प्रेम विवाह कर लिया। दूसरी पत्नी को सिकंदरा क्षेत्र में किराए के मकान में रखता था। पति की दूसरी शादी का कमलेश को एक साल पहले पता चला, तो विरोध शुरू कर दिया। इसे लेकर पति मारपीट करने लगा।
सीओ छत्ता बीएस त्यागी ने बताया मिथलेश के भाई टिंकू यादव ने मृतक महिला के पति, सास और देवर को हत्यारोप में नामजद किया है। आरोपी लक्की को जेल भेजा गया है।
बेटे ने मिटाये सबूत तो मां ने खोला राज
अस्पताल संचालक लक्की यादव ने पत्नी मिथलेश की हत्या करने के बाद सबूत मिटाने के काफी प्रयास किए। लक्की की मां मुन्नी देवी ने पुलिस के सामने कातिल बेटे की करतूत का राजफाश कर दिया। लक्की ने पत्नी की हत्या के बाद खुद को निर्दोष साबित करने की पत्नी की लकवा से मौत होने की कहानी बनाई थी। लोगों को भ्रमित करने के लिए मंगलवार देर रात उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाने का नाटक किया। इसके बाद शव अपने गांव बरहन के नगला अमर सिंह लेकर पहुंचा। हत्या की पुष्टि होने के बाद एत्माउददौला पुलिस ने मृतका के शव को गांव से बरामद किया। मुन्नी देवी ने पुलिस को बताया कि बहू की हत्या उनके बेटे लक्की ने ही की है। मां ने बताया मिथलेश के नाम से दो प्लॉट थे, जिनको लक्की बेचना चाहता था। मिथलेश ने उसे जमीन के कागजात देने से मना कर दिया। इस पर उसने हत्या कर दी।