समाजवादियों को मजबूत करेगा नया मोर्चा
जागरण संवाददाता, आगरा: सपा नेता शिवपाल यादव ने सोमवार को कहा कि वह तो सपा के सिपाही हैं, लेकिन वह स
जागरण संवाददाता, आगरा: सपा नेता शिवपाल यादव ने सोमवार को कहा कि वह तो सपा के सिपाही हैं, लेकिन वह सेक्यूलर मोर्चा बनाने की बात से भी पीछे नहीं हटे। बोले, यह पीड़ितों को न्याय दिलाने और समाजवादियों को मजबूत करने के लिए बनाया जाएगा।
पूर्व कैबिनेट मंत्री सोमवार सुबह डौकी क्षेत्र के गांव नगरिया में पत्रकारों से बात कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने सेक्यूलर मोर्चा के बारे में बहुत स्पष्ट नहीं किया, तो अखिलेश को लेकर पूछे गए सवालों पर भी बचते रहे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात को लेकर उन्होंने कहा कि प्रदेश में बिगड़ रही कानून-व्यवस्था के लिए मुलाकात की थी। उनका भाजपा में जाने का कोई इरादा नहीं है। परिवार में रार के सवाल पर कहा कि बुरी तरह से हार हुई है, जिसकी टीस तो होगी ही। आगामी लोकसभा चुनाव में महागठबंधन की संभावना पर यादव ने कहा कि जब चुनाव होगा, तब देखेंगे। राम मंदिर पर उन्होंने कहा कि कोर्ट का फैसला सर्वमान्य होगा। इस पर विवाद की स्थिति नहीं हो, इसीलिए बातचीत से हल किया जाए। तीन तलाक पर उन्होंने कहा कि वो महिलाओं के साथ हैं। पूर्व पीडब्ल्यूडी मंत्री शिवपाल ने कहा कि जिस गति से काम किया जा रहा है, उससे तो पांच साल में भी सड़कें गड्ढामुक्त नहीं हो सकेंगी।
मुआवजा बहुत कम है
गांव नगरिया के 15 लोगो की एटा में एक हादसे में मौत हो गई थी। श्री यादव पीड़ित परिवारों से शोक संवेदना व्यक्तकरने आए थे। कहा कि पीडब्ल्यूडी पुलिया बनवा देता तो इतना बड़ा हादसा नहीं होता। मृतकाश्रितों को बहुत कम मुआवजा मिला है।
यह रहे मौजूद
मंत्री के साथ बिचपुरी के ब्लॉक प्रमुख यशपाल राना, डॉ. गिरीश यादव, अशोक आर्य, नितिन कोहली, राकेश सिकरवार प्रधान, डॉ. सतेन्द्र यादव, दिलीप बघेल, चौधरी महेन्द्र पाल सिंह, हरीसिंह यादव, संजय धाकरे, अनिल कुमार यादव आदि रहे।