सैलानी परिवार पर ताज के पास गिरी डाल
जागरण संवाददाता, आगरा: शनिवार को आंधी एक बार फिर आफत लेकर आई। दोपहर में 57 किमी प्रति घंटे की रफ्तार
जागरण संवाददाता, आगरा: शनिवार को आंधी एक बार फिर आफत लेकर आई। दोपहर में 57 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवा ने कहर ढहाया। दीवार गिरने से वृद्ध की मौत हो गई, जबकि ताजमहल पश्चिमी गेट के पास पेड़ की डाल कर्नाटक के सैलानी परिवार पर गिर गई। हादसे में परिवार के चार लोग और एक पीएसी जवान चुटैल हो गए।
शनिवार को सुबह से धूप निकली। दोपहर दो बजे के करीब बादल घिर आए और हवा चलने लगी। करीब ढाई बजे तेज हवा चलने से धूल उड़ने लगी। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। आंधी में फतेहाबाद के महाराजपुर में दीवार गिरने से वृद्ध देवीसिंह (65) निवासी गढ़ी बाईपुर सिकंदरा की मौत हो गई। वह शादी में शामिल होने गए थे। उधर ताज पश्चिमी गेट स्थित नीम तिराहा पर नीम के पेड़ की डाल दोपहर में टूट गई। इससे वहां खड़ा कर्नाटक का परिवार उसकी चपेट में आ गया। कमला बाई, चंद्ऱमा, माणिक और मालगोड़ा के चोटें आई। उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया। यहां तैनात पीएसी जवान के भी सिर में चोट लगी। आंधी के बाद बारिश से लोगों को राहत मिली। सुबह 8:30 से शाम 5:30 बजे तक चार मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। शाम सात बजे के करीब एक बार फिर बारिश हुई।
41 डिग्री पर पहुंचा दिन का तापमान
शनिवार को दिन का तापमान 41.3 डिग्री से. पर पहुंच गया। शुक्रवार की अपेक्षा इसमें एक डिग्री से. की बढ़ोत्तरी हुई। न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री से. रहा, जो कि शुक्रवार के 21.3 डिग्री से. से थोड़ा अधिक था।
सोमवार से बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग का अनुमान है रविवार दोपहर आंधी आने के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। सोमवार से मौसम साफ होगा। तापमान में एक बार फिर बढ़ोत्तरी देखने को मिलेगी।