धधका मप्र से सटा चंबल का बीहड़
बाह: मध्य प्रदेश से सटे बासौनी क्षेत्र में चंबल का बीहड़ शुक्रवार सुबह धधक उठा। आग से पक्षियों के घरो
बाह: मध्य प्रदेश से सटे बासौनी क्षेत्र में चंबल का बीहड़ शुक्रवार सुबह धधक उठा। आग से पक्षियों के घरोंदे जल कर नष्ट हो गए। वन्य जीवों में भगदड़ मच गई। तीन किमी के दायरे में फैली आग पर काबू पाने को वनकर्मी और दमकल कर्मी जुटे हुए थे। चंबल किनारे बसे जेबरा गांव में शनिवार सुबह आग लगने से लकड़ी बीनने वाले और चरवाहे भाग खड़े हुए। बीहड़ में आग की सूचना पर वनकर्मी मौके पर पहुंच गए। दमकल को भी बुला लिया गया, आग लगने वाली जगह पर नहीं पहुंच सकी। दमकलकर्मी, वनकर्मी ग्रामीणों की मदद से देर रात तक आग पर काबू पाने को जूझते रहे। बीहड़ में कई प्रजाति के पक्षियों के घौंसले भी आग की भेंट चढ़ गए। सियार, लोमड़ी, लकड़बग्घा, सेही, नीलगाय आदि वन्य जीवों में भगदड़ मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो कई वन्य जीव आग की भेंट चढ़ गए। दोपहर में आग ने रौद्र रूप धारण कर लिया, जिसे देख वनकर्मियों के हाथ पांव फूल गए। करीब तीन किमी के दायरे में आग फैलने से हरियाली भी नष्ट हो गई।