हॉस्पिटल ने वसूले दो घंटे के 26 हजार
आगरा: एक हॉस्पिटल में दो घंटे के 26 हजार रुपये वसूले गए। बच्चे की नाजुक हालत होने पर परिजन फूट फूट क
आगरा: एक हॉस्पिटल में दो घंटे के 26 हजार रुपये वसूले गए। बच्चे की नाजुक हालत होने पर परिजन फूट फूट कर रोने लगे। उन्होंने बिल कम करने की गुहार लगाई, लेकिन हॉस्पिटल संचालक नहीं माना। सीएमओ ने जांच के आदेश दिए हैं।
मथुरा निवासी मजदूर इंद्रजीत की पत्नी नीलम के 15 दिन पहले बेटा हुआ था। तबीयत खराब होने पर उसे मथुरा में एक हॉस्पिटल में भर्ती किया गया, यहां से उसे 28 मार्च को आगरा रेफर कर दिया। परिजन बच्चे को लेकर एंबुलेंस से शाम को आगरा आ रहे थे, सिकंदरा के पास उसकी सांस उखड़ने लगीं। वे उसे लीलाधर हॉस्पिटल, लॉयर्स कॉलोनी ले गए। यहां उसे भर्ती कर दिया, डॉक्टरों ने उन्हें चार हजार का खर्चा बताया। उन्होंने अपने रिश्तेदारों से हॉस्पिटल के बारे में पूछा तो उन्होंने अच्छा हॉस्पिटल न होने पर दूसरे हॉस्पिटल में ले जाने के लिए कह दिया। एक घंटे बाद ही परिजन बच्चे को डिस्चार्ज करने के लिए कहने लगे। मगर, उनसे मना कर दिया। रात सात बजे उन्हें 26500 रुपये का बिल थमा दिया। इस पर उन्होंने आपत्ति की। मगर, वे नहीं माने और पूरा बिल जमा करने के बाद ही डिस्चार्ज किया। मामले में सीएमओ से शिकायत की गई है। इस संबंध में अस्पताल संचालन से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन नहीं लगा। सीएमओ डॉ. बीएस यादव ने बताया कि इससे पहले भी लीलाधर हॉस्पिटल में बिल को लेकर विवाद हुआ था। इस मामले की जांच कराई जाएगी, बिल के हिसाब से सुविधाएं भी देखी जाएंगी।