मां के आंगन में उमड़ा श्रद्धा का सागर
जागरण संवाददाता, आगरा: मंगलवार से नवरात्र शुरू होने के साथ ही शहर के देवी मंदिरों में श्रद्धा का सैल
जागरण संवाददाता, आगरा: मंगलवार से नवरात्र शुरू होने के साथ ही शहर के देवी मंदिरों में श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। देवी की आराधना को सुबह से भक्त मां के दर पर पहुंचने लगे। श्रद्धा और भाव के साथ माता की पूजा की। वासंतिक नवरात्र के पहले दिन घरों से मंदिरों तक आस्था का सागर हिलोरें लेता रहा। महिलाओं ने पूजन के साथ मंदिरों में नृत्य किया।
मंगलवार को घर और मंदिरों में मैया के दरबार सजे थे, महिलाओं ने मां का गुणगान कर लांगुरिया गाए। सुबह कलश स्थापना के साथ ही घर और मंदिरों में नवरात्र पूजन हुआ। घरों में पूजन- हवन के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिरों में जाकर माता की पूजा की। शहर के पथवारी, फुलट्टी देवी मंदिर, वैष्णोदेवी मंदिर, शीतला माता मंदिर, कालीवाड़ी, इंद्रपुरी, दक्ष कन्या मां भगवती मंदिर समेत अन्य मंदिरों में सुबह से श्रद्धालु उमड़ते रहे।
बाजारों में छाई रौनक
चैत्र नवरात्र पर बाजारों में रौनक दिखी। पूजन की सामग्री की बिक्री हो रही है। लाल पताकाओं से दुकानें सजी हुई हैं। करौली के कैलादेवी मंदिर जाने वाले भक्तों की भीड़ बस स्टेंड और रेलवे स्टेशनों पर लगी रहीं। पदयात्रा करते हुए श्रद्धालु भी अपनी मंजिल की ओर बढ़ते जा रहे हैं।