समझौते की कोशिश में लगे रहे भाजपाई
जागरण संवाददाता, आगरा: शाहगंज के सोरों कटरा में मोदी और योगी का बैनर लगा दुकान पर कब्जा करने वाले
जागरण संवाददाता, आगरा: शाहगंज के सोरों कटरा में मोदी और योगी का बैनर लगा दुकान पर कब्जा करने वाले से भाजपा नेताओं ने पल्ला झाड़ लिया था। इसके बावजूद कुछ भाजपा नेता पर्दे के पीछे से समझौते की कोशिश में लगे रहे। विरोध में जुटे व्यापारियों के दबाव में समिति के अध्यक्ष ने अपनी गलती मानते हुए माफी मांग ली। इसके चलते दुकानदार ने मुकदमा दर्ज नहीं कराया, दोनों पक्ष में शुक्रवार को भी समझौता नहीं हो सका।
सोरों कटरा मुख्य बाजार निवासी सनातन धर्म प्रचार समिति के अध्यक्ष विजय पचौरी ने दो दिन पूर्व चार दशक से ज्यादा पुराने किराएदार सुनील खंडेलवाल को बेदखल कर दिया था। खुद को भाजपा कार्यकर्ता और विहिप का सह संयोजक बताने वाले विजय पचौरी ने दुकान पर प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी का बैनर लगा दिया था। दुकानदार को इस तरह से बेदखल कर कब्जा करने के विरोध में बाजार के लोग एकजुट होकर थाने पहुंच गए थे।
सूत्रों के अनुसार पुलिस पर दबाव बनाने के लिए गोरखपुर तक से कुछ लोगों के फोन आए। किराएदार सुनील खंडेलवाल ने दुकान से बेदखल कर कब्जा करने के आरोप में शाहगंज थाने पर तहरीर दी थी। विजय पचौरी का कहना है कि सुनील किसी और से दुकान का सौदा करके कब्जा दे रहे थे। इसके चलते उन्होंने अपना ताला लगाया था। जबकि सुनील का कहना है कि विजय पचौरी उसे दुकान से बेदखल करने का प्रयास कर रहे हैं। विजय पचौरी द्वारा अपनी गलती की माफी मांगने पर दुकानदार ने फिलहाल मुकदमा दर्ज नहीं कराया है। इसके बाद व्यापारियों ने भी अपना रुख नरम कर लिया। इंस्पेक्टर शाहगंज संजय जायसवाल ने बताया दोनों पक्ष में समझौते के प्रयास चल रहे हैं।