पानी को लेकर मारपीट की नौबत, प्रदर्शन
जागरण संवाददाता, आगरा: पानी के संकट को लेकर लोगों का पारा चढ़ता जा रहा है। गुरुवार को ताजगंज में दो
जागरण संवाददाता, आगरा: पानी के संकट को लेकर लोगों का पारा चढ़ता जा रहा है। गुरुवार को ताजगंज में दो पक्ष आपस में भिड़ गए, वहीं ईदगाह में जलकल कर्मी को पीट दिया। दूसरी ओर पानी की कमी से जूझ रहे लोगों ने सूर्यनगर जलकल कार्यालय और केदारनगर में प्रदर्शन कर हंगामा काटा।
ताजगंज: पानी पर भिड़ंत
घटना गुरुवार दोपहर 12.30 बजे की है। ताजगंज की मलको गली निवासी अकील के परिवार की महिलाएं सरकारी सबमर्सिबल पर पानी भरने गई थीं। इसी दौरान शराफत पक्ष की महिलाएं भी पानी भरने पहुंच गई। दोनों पक्षों में पहले पानी भरने को लेकर पहले तकरार हुई और फिर पथराव होने लगा। मौके पर पहुंची पुलिस को देख दोनों पक्ष भाग खड़े हुए। पथराव में एक युवक घायल हुआ है।
ईदगाह-टैंकर लेकर गए कर्मचारी पीटा
ईदगाह और न्यू ईदगाह में कई दिनों से पानी नहीं आ रहा है। सुबह आठ बजे एक टैंकर ईदगाह भेजा गया। जैसे ही टैंक पहुंचा लोग पानी के लिए टूट पड़े। इस बीच कुछ लोग विरोध प्रदर्शन करने लगे। टैंकर के साथ आए जलकल कर्मी ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को मना किया तो उन्होंने उसे पीट दिया।
केदारनगर: पानी बेचने पर हंगामा
केदार नगर में पानी की टंकी है, लेकिन इस क्षेत्र को एक सप्ताह दिनों से पानी नहीं मिला है। दूसरी ओर पानी की टंकी से जलकर्मियों द्वारा पानी बेचे जाने की खबर पर लोगों का आक्रोश फट पड़ा। बड़ी संख्या में पहुंची महिलाओं ने सड़क पर जाम लगाया और इसके बाद भीड़ पानी की टंकी पर पहुंच गई। लोग कर्मचारियों के साथ मारपीट पर आमादा थे, मगर बुजुर्ग लोगों ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद भीड़ कर्मचारियों कमरे में बंधक बनाने लगी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाबुझा कर शांत किया। जलकल के अवर अभियंता राजेंद्र आर्य ने शाम को आपूर्ति शुरू कराने का दिलाया।
भाजपा नेताओं ने कब्जाए सरकारी सबमर्सिबल
भीड़ ने पुलिस को बताया कि भाजपा विधायक योगेंद्र उपाध्याय ने विधायक कोटे से चार सबमर्सिबल लगवाए थे। इनमें से दो पर भाजपा नेताओं का कब्जा हो गया है। भीड़ की शिकायत पर पुलिस ने दौड़भाग की, मगर कब्जे नहीं हटाए जा सके।
सूर्यनगर जलकल कार्यालय पर हंगामा
दोपहर करीब 11 बजे सूर्य नगर से सटी बस्तियां खटीक पाड़ा और नानक पाड़ा की करीब 50 महिलाएं व पुरुष पानी दो का नारा बुलंद करते हुए सूर्य नगर स्थिति जलकल जोन कार्यालय पर पहुंची। भीड़ को देख चैनल में ताला जड़ कर्मचारी कार्यालय छोड़कर भाग निकले। आक्रोशित भीड़ ने हंगामा करते हुए अधिकारियों को बुलाए जाने की मांग की। कुछ महिलाओं ने हाथों में ईट उठा ली और चैनल में लगे ताले को तोड़ने लगी। इसी बीच सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाबुझा कर शांत किया। तब जाकर मामला शांत हुआ।