पिनाहट में धधका चंबल का बीहड़
बाह (आगरा): शुक्रवार देर रात अचानक पिनाहट में चंबल का बीहड़ धधक उठा। सैकड़ों जीव-जंतु एक किमी क्षेत्र
बाह (आगरा): शुक्रवार देर रात अचानक पिनाहट में चंबल का बीहड़ धधक उठा। सैकड़ों जीव-जंतु एक किमी क्षेत्र में फैली आग की भेंट चढ़ गए। घटनास्थल तक पहुंचने के लिए रास्ता न होने के कारण दमकल मौके पर नहीं पहुंच सकी।
शुक्रवार देर रात पिनाहट क्षेत्र के विप्रावली गांव में चंबल का बीहड़ धधक उठा। बीहड़ में आग लगते ही जीव जंतुओं में अफरा-तफरी मच गई। घास-फूस और पेड़ जलने लगे। बड़े जीव-जंतु तो जान बचाकर भाग निकले, लेकिन सैकड़ों छोटे जीव-जंतु आग की भेंट चढ़ गए। देखते ही देखते आग की लपटें विकराल हो गई। ग्रामीणों ने वन विभाग, पिनाहट पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। वन कर्मी और पुलिस तो मौके पर पहुंचे, लेकिन चंबल के घने बीहड़ में दमकल की गाड़ी नहीं पहुंच सकी। वन कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से मिट्टी आदि डालकर बमुश्किल आग बुझाई।
चित्राहाट में आग से झोपड़ी स्वाहा
बाह: चित्राहाट के खिच्चरपुरा गांव निवासी सुरजीत की झोपड़ी में शनिवार सुबह आठ बजे अचानक आग लग गई। लोहिया आवास के लिए मिले रुपये, गल्ला, कपड़े आदि सामान जलकर खाक हो गए। गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले किसान ने शासन से आर्थिक मदद की मांग की है। बाह के मढ़ेपुरा गांव में किसान रामसरन के भूसे के कूप में शुक्रवार रात आग लग गई। कूप के पास बंधी दो भैंस झुलस गई। भूसा भी आग की भेंट चढ़ गया।
---