दयालबाग में आ गई दीपावली
जागरण संवाददाता, आगरा: अद्भुत। बिना जनरेटर और अतिरिक्त व्यवस्था के इतनी सजावट। शुक्रवार को दयालबाग म
जागरण संवाददाता, आगरा: अद्भुत। बिना जनरेटर और अतिरिक्त व्यवस्था के इतनी सजावट। शुक्रवार को दयालबाग में दीपावली जैसा अहसास हो रहा था। वसंत के उपलक्ष्य में शुक्रवार को दयालबाग की सभी बिल्डिंग रंग-बिरंगी रोशनी में नहा उठीं।
शताब्दी भवन की सजावट देखने लायक थी। डीईआइ के पीछे बनी इस बिल्डिंग को देखने अधिकांश लोग पहुंचे। दयालबाग शिक्षण संस्थान के सौ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में यहां खास सजावट हुई। सेंट्रल ऑफिस के अलावा आरईआइ भी बहुत आकर्षक लग रहा था। यहां म्यूजिकल फाउंटेन लगा था। दयालबाग के संगीत की धुन पर पानी नाचता हुआ प्रतीत हुआ।
सत्संग सुनकर हुए निहाल श्रद्धालु
राधास्वामी मत की स्थापना के दिन होने वाले खास सत्संग में देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालु निहाल हो गए। सत्संग हॉल में पोथियों से पाठ हुआ। पन्नी गली से हुआ तुलू सच्चे खुदा का आफताब..कव्वाली प्रस्तुत की गई। गुरु महाराज प्रो.पीएस सत्संगी ने समूचे दयालबाग का भ्रमण किया। सत्संग के बाद पीतभोज का आयोजन हुआ जिसमें पीले चावल प्रसाद स्वरूप दिए गए।
झांकियों ने दर्शाया इतिहास
श्वेत नगर में दयालबाग के इतिहास को लेकर सजाई गई झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। किस तरह गुरु महाराज ने मत की स्थापना की, उनका घर कहां था, साल-दर-साल दयालबाग ने उन्नति के सोपान किस तरह चढ़े, यह सब झांकियों में दर्शाया गया। छोटे बच्चे यहां हंस-हंसिनी के रूप में मौजूद थे। ताली बजाते हुए गीत, गाते हुए गुरु महाराज का गुणगान कर रहे थे।
आज होगी जिमनास्टिक प्रतियोगिता
वसंत पर्व के आयोजनों की श्रृंखला में शनिवार को जिमनास्टिक प्रतियोगिता शाम चार बजे से आयोजित होगी। 14 फरवरी को शूटिंग प्रतियोगिता होगी।