जाम में एंबुलेंस, अंदर तड़पते मरीज
कलक्ट्रेट में शुक्रवार को एमएलसी के लिए सपा प्रत्याशी को नामांकन करना था। सुबह 11 बजे से समर्थकों का
कलक्ट्रेट में शुक्रवार को एमएलसी के लिए सपा प्रत्याशी को नामांकन करना था। सुबह 11 बजे से समर्थकों का कलक्ट्रेट पर जमावड़ा शुरू हो गया। उन्होंने एमजी रोड के दोनों ओर सुभाष पार्क से कलक्ट्रेट तक दोनों ओर वाहन खड़े कर दिए। कलक्ट्रेट के मुख्य गेट पर समर्थकों के जमा होने से नालबंद चौराहे तक जाम लग गया। इसी दौरान सदर के नैनाना ब्राह्मण निवासी आरती की हालत बिगड़ने पर उनको एंबुलेंस में ले जा रहे परिजन धाकरान चौराहे पर जाम में फंस गए। आरती दर्द से तड़पती रहीं और परिजन उनको दिलासा देते रहे। जाम में फंसी मुरैना के अंबाह से आई अंगूरी देवी पत्नी ताराचंद के परिजनों की सांसें भी अटकी रहीं। ऑपरेशन के बाद परिजन उनको दूसरे अस्पताल में शिफ्ट कराने ले जा रहे थे। डॉक्टरों ने दोपहर बारह बजे सारे चेकअप करने के लिए कहा था। दोपहर एक बजे तक जाम में फंसे परिजन चिकित्सकों को फोन पर अपनी मजबूरी बताते रहे। जाम में एक दर्जन पर्यटक वाहन भी फंसे रहे। दिल्ली से आए पर्यटकों को लेकर आए चालक रंजीत का कहना था कि वह 35 मिनट से जाम में फंसा है। इससे पर्यटक भी परेशान हो रहे हैं, उनको शाम को दिल्ली लौटना था।
तो नहीं लगता जाम
वाहन चालकों का कहना था कि यदि ट्रैफिक पुलिस ने कलक्ट्रेट की ओर जाने वाले वाहनों का नालबंद और सुभाष पार्क तिराहे से रूट डायवर्ट कर दिया होता तो जाम से बचा जा सकता था।
बाहर से आए सैकड़ों वाहन
नामांकन के दौरान बाहर से सैकड़ों वाहन आए थे। उन्होंने एमजी रोड के अलावा कलक्ट्रेट के पीछे सदर भट्टी चौराहे वाली रोड और पुलिस लाइन जाने वाले मार्ग पर कब्जा कर लिया था। इसके चलते ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई।
वैकल्पिक मार्गो पर भी लगा जाम
एमजी रोड पर जाम का असर उससे जुड़े अन्य मार्गो पर भी पड़ा। वाहन चालकों ने धाकरान चौराहे से सदर भट्टी होते हुए कलक्ट्रेट के पीछे से रावली पुल जाने का प्रयास किया। इससे वहां भी जाम लग गया। हींग की मंडी, बिजलीघर और छीपीटोला पर भी जाम लगा रहा। दोपहर दो बजे के बाद ट्रैफिक सुचारू हो सका।