कमला नगर में लुटेरों ने मां-बेटे को घसीटा
जागरण संवाददाता, आगरा: पुलिस असफल है। कानून व्यवस्था खत्म हो चुकी है। लुटेरे चार दिन से दनादन वारदात
जागरण संवाददाता, आगरा: पुलिस असफल है। कानून व्यवस्था खत्म हो चुकी है। लुटेरे चार दिन से दनादन वारदातों को अंजाम दे रहे हैं लेकिन फिर भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही। कमला नगर में शुक्रवार को काली पल्सर सवार बदमाशों ने लूट का विरोध करने पर महिला को एक्टिवा समेत गिरा दिया। मां-बेटे को बाइक के साथ घसीटते ले गए। शोर मचाने पर राहगीरों ने पीछा कर घेराबंदी का प्रयास किया।
कमला नगर के अमिता विहार निवासी संदीप मुदगल, भारतीय जीवन बीमा निगम में बाबू हैं। शुक्रवार दोपहर 3.30 बजे संदीप की पत्नी प्रतिभा बेटे कृष्णा के साथ बाजार गई थीं। कमला नगर से खरीदारी करके एक्टिवा पर बेटे के साथ बल्केश्वर में कपड़ा शोरूम पर आ रही थीं। जनक पार्क के पास काली पल्सर पर सवार दो बदमाशों ने प्रतिभा का पर्स लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर उनको एक्टिवा समेत गिरा दिया। पर्स न छोड़ने पर बदमाश उनको कीचड़ में कुछ दूर घसीटते ले गए, जिससे उनके घुटने छिल गए। बेटा कृष्णा भी चोटिल हो गया। प्रतिभा की पर्स पर पकड़ ढीली पड़ते ही बदमाश उसे लूटकर भाग निकले।
जिस समय घटना हुई, पार्क में काफी लोग मौजूद थे। प्रतिभा के शोर मचाने पर लोगों ने काली पल्सर सवारों का पीछा भी किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक पर नंबर नहीं थे। बदमाशों की उम्र 22 से 25 साल के बीच थी। उन्होंने चेहरों को छिपाने के लिए बड़े फ्रेम का काला चश्मा लगा रखा था।