सिविल सर्विसेज में चमकीं आगरा की बेटियां
जागरण संवाददाता, आगरा: बेटियों ने दिखा दिया है कि उन्हें मौका मिले, तो वे बेटों से आगे हैं। कड़ी मेहन
जागरण संवाददाता, आगरा: बेटियों ने दिखा दिया है कि उन्हें मौका मिले, तो वे बेटों से आगे हैं। कड़ी मेहनत, लगन और काबलियत से बेटियों ने प्रतिष्ठित सिविल सर्विसेज परीक्षा में टॉप किया है। आगरा में भी बेटियों ने ही सिविल सर्विसेज में बाजी मारी है। यहां से दो बेटियां और एक इनकम टैक्स इंस्पेक्टर सिविल सर्विसेज में सफल हुए हैं।
दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (डीवीवीएनएल), कॉलोनी निवासी अधीक्षण अभियंता अंशुल अग्रवाल और लेखिका रेनू अग्रवाल की बड़ी बेटी अजीता अग्रवाल की 552वीं रैंक आई है। वर्ष 2013 में बीटेक करने के बाद से अजीता सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रही थीं। उनका कहना है हम दो बहनें हैं, भाई नहीं है। परिजनों के लिए हम दोनों ही बेटी और बेटे हैं।
लायर्स कॉलोनी निवासी सीए दिनेश चंद्र गुप्ता और सीमा गुप्ता की बेटी सुकृति गुप्ता की 706वीं रैंक आई है। वर्ष 2012 में बीटेक करने के बाद से सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रही थीं। सुकृति का कहना है कि फैमिली सपोर्ट और प्रोत्साहन से बेटियां हर क्षेत्र में अपना परचम लहरा सकती हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं के परिणाम में बेटियां ही टॉप कर रही हैं।
वहीं, पुष्पांजलि गार्डन, दयालबाग निवासी सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के पूर्व जोनल ऑफिसर गीतम सिंह और सरोज सिंह के बेटे जोंस विकास की 1029वीं रैंक है। वे बरेली में इनकम टैक्स इंस्पेक्टर हैं। उनका यूपीपीएससी 2013 में पुलिस उपाधीक्षक के पद पर चयन हुआ है।