नासूर बन गया भैरों नाला
जागरण संवाददाता, आगरा: शहर के अन्य नालों की तरह भैरों नाले की भी स्थिति मिली। यहां भी नगर निगम ने बा
जागरण संवाददाता, आगरा: शहर के अन्य नालों की तरह भैरों नाले की भी स्थिति मिली। यहां भी नगर निगम ने बारिश पूर्व सफाई नहीं कराई। अभी तो ऐसी बारिश नहीं हुई, लेकिन लोगों के पुराने अनुभव बहुत कड़वे हैं।
भैरों नाला शहर के प्रमुख नालों में शामिल है। इसमें ट्रांसपोर्ट नगर से लेकर संजय प्लेस, राम नगर, सूरसदन, पालीवाल पार्क, बेलनगंज, फ्रीगंज, पथवारी आदि इलाकों के कई छोटे नाले मिलते हैं। इनका डिस्चार्ज इसी नाले से होता हुआ यमुना किनारे तक पहुंचता है। मगर नगर निगम ने इसको गंभीरता से नहीं लिया। यही वजह है कि हर बार बरसात में नाले किनारे की बस्तियों में गंदगी भर जाती है और लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता है।
क्षेत्रवासियों का दर्द
बारिश में हर बार नाला उफनता है। बारिश आने से पहले ही आसपास के घर वाले सामान ऊपरी मंजिल पर पहुंचा देते हैं।
पंकज गोयल
नगर निगम के अधिकारी हर बार दावा करते हैं, लेकिन तलीझाड़ सफाई कभी नहीं कराते। जनता को परेशानी झेलनी पड़ती है।
देवीशरण मित्तल
यह कई किलोमीटर का नाला है। इसके चोक होने से नालियां बैक मारती हैं। घरों में पानी भर जाता है। बहुत मुश्किल होती है।
रोहित यादव
छह माह पहले औपचारिक रूप से नाला सफाई हुई थी। बरसात पहले नाले की कोई सफाई नहीं हुई। इस बार भी नाला उफनेगा।
रानू रावत
जागरण फॉलोअप
फाउंड्री नगर पहुंची टीम, साफ किया नाला
मंगलवार के अंक में जागरण ने फाउंड्रीनगर के पास स्थित राधानगर के नाले की स्थिति उजागर की थी। उप नगरायुक्त अनिल कुमार ने सफाई के लिए आश्वस्त किया था। क्षेत्रवासियों ने बताया कि मंगलवार सुबह ही निगम की टीम पहुंची और नाले की सफाई कराई गई।