250 के विवाद में दो परिवारों में संघर्ष
जागरण संवाददाता, आगरा: सदर के नगला पदमा में ढाई सौ रुपये की उधारी चुकाने को रंगबाज युवक को चांटा मार
जागरण संवाददाता, आगरा: सदर के नगला पदमा में ढाई सौ रुपये की उधारी चुकाने को रंगबाज युवक को चांटा मारने पर एक ही खानदान के दो परिवारों में संघर्ष हो गया। चचिया ससुर ने महिला को रांपी मारकर गंभीर घायल कर दिया। दूसरे पक्ष के भी दो लोग घायल हो गए। महिला की हालत चिंताजनक है।
सदर के नगला पदमा निवासी राजकुमार (26) पुत्र रामचंद जूता फैक्ट्री में श्रमिक है। सोमवार की शाम करीब सात बजे घर के पास खोखे पर पान मसाला खरीदने के दौरान चचेरा भाई लाल सिंह वहां पहुंच गया। दोनों में बात हुई। इसी बीच लाल सिंह ने राजकुमार से कहा कि वह ढाई सौ रुपये पान वाले को दे दे। इससे इन्कार पर लालसिंह ने उसे चांटा मार दिया।
इसकी शिकायत करने राजकुमार लाल सिंह के पिता रघुवीर के पास गया तो वह उसे ही जिम्मेदार ठहराने लगे। इस पर विवाद बढ़ा और मारपीट शुरू हो गई। मुन्नी देवी बेटे राजकुमार को बचाने आई तो उसे पीट दिया। इसके बाद रघुवीर रांपी निकाल लाया और घर में घुसकर मां मुन्नी देवी पर हमला बोल दिया। उनके पेट के निचले हिस्से में रांपी मारकर लहूलुहान कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी रघुवीर को पकड़ लिया। राजकुमार के मुताबिक मां की हालत गंभीर बनी हुई है। परिजनों का कहना था कि पुलिस ने आरोपी रघुवीर को पकड़ने के बाद थाने से छोड़ दिया। वहीं पुलिस ने इससे इन्कार किया, उसका कहना है कि दोनों पक्षों में संघर्ष हुआ था। दूसरे पक्ष के भी दो लोग घायल हैं। इंस्पेक्टर जेएन अस्थाना के मुताबिक रघुवीर सिंह, लाल सिंह आदि के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है।
रांपी के हमले से बस्ती में तबाह हो चुका है एक परिवार
दस साल पहले बस्ती में रांपी कांड हुआ था। मुन्नी देवी के पड़ोस में रहने वाली महिला बेबी पत्नी सतीश को जेठ मूलचंद ने रांपी तीन दर्जन वार करके मरणासन्न कर दिया था। बस्ती वालों के मुताबिक उक्त घटना ने दोनों परिवारों को बर्बाद कर दिया। इलाज और मुकदमा लड़ने में मकान तथा खेत बिक गया। बेबी के पति और सास-ससुर के अलावा आरोपी जेठ की भी मौत हो गई। महिला अब किराए के मकान में रहकर मजदूरी करके बच्चों को पाल रही है।