भाजयुमो नेताओं के साथ पुलिस ने मारपीट कर थाने में किया बंद
जागरण संवाददाता, आगरा: पुलिस भर्ती घोटाले का विरोध जताना भाजपा की युवा मोर्चा जिला इकाई को भारी पड़ ग
जागरण संवाददाता, आगरा: पुलिस भर्ती घोटाले का विरोध जताना भाजपा की युवा मोर्चा जिला इकाई को भारी पड़ गया। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का पुतला फूंकने को भगवान टॉकीज चौराहा पर पहुंचे और युवा नेताओं को पुलिस ने दौड़ाने का प्रयास किया। नहीं माने तो मारपीट कर थाने में बंद कर दिया। इसके बाद थाने पर भाजपाइयों ने हंगामा किया। वरिष्ठ नेताओं ने पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं को छोड़ा गया।
भारतीय जनता युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सोनू चौधरी के नेतृत्व में गुरुवार को युवा कार्यकर्ता भगवान टॉकीज पहुंच गए। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री का पुतला फूंकना था, इसलिए पुलिस भी सक्रिय थी। अभी पुतला मौके पर पहुंचा भी नहीं था कि पुलिस कर्मियों ने युवाओं की भीड़ को हटाने का प्रयास किया। इस बीच पुलिस और मोर्चा पदाधिकारियों में तीखी तकरार हो गई। जिलाध्यक्ष के कहने पर कि लोकतंत्र में प्रदर्शन करना हमारा अधिकार है, इस पर इंस्पेक्टर न्यू आगरा एपी सिंह भड़क गए। उन्होंने जिलाध्यक्ष, महामंत्री और अन्य कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट कर उन्हें थाने ले जाकर बंद कर दिया। युवाओं के थाने में बंद होने की सूचना पर धीरे-धीरे वरिष्ठ नेता थाने पर जुटना शुरू हो गए। सबसे पहले प्रदेश मंत्री रामप्रताप सिंह चौहान और जिला उपाध्यक्ष प्रशांत पौनिया पहुंचे तो उनकी भी पुलिस से झड़प हो गई। वे बाहर मौजूद युवाओं के साथ धरने पर बैठ गए। इसके बाद ब्रजक्षेत्र अध्यक्ष पुरुषोत्तम खंडेलवाल, उपाध्यक्ष कुंदनिका शर्मा, जिलाध्यक्ष अशोक राना, महामंत्री श्याम भदौरिया, शिवशंकर शर्मा, विजय शिवहरे, असफाक सैफी, ललित चतुर्वेदी, बॉबी वर्मा आदि भी मौके पर पहुंच गए। भाजपाइयों का जमावड़ा देख पुलिस के हाथ पैर फूलने लगे। एसपी सिटी समीर सौरभ भी मौके पर पहुंच गए। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि एसपी सिटी ने घटना पर खेद जताया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।