हाथों के बल आगे पीछे चलकर दिखाए करतब
जागरण संवाददाता, आगरा: दयालबाग में मनाए जा रहे वसंतोत्सव का रविवार की शाम अन्य दिनों से अलग नजारा था
जागरण संवाददाता, आगरा: दयालबाग में मनाए जा रहे वसंतोत्सव का रविवार की शाम अन्य दिनों से अलग नजारा था। जिमनास्टिक खिलाड़ियों के हैरतअंगेज करतबों को देखने के लिए भीड़ जमा थी। खिलाड़ी कभी हाथों के बल आगे की ओर चलते तो कभी पीछे की ओर मुड़ जाते। उनके हैरतअंगेज प्रदर्शन पर उत्साह से भरे दर्शक तालियां बजा उठते।
दयालबाग में मनाए जा रहे वसंतोत्सव में रविवार को प्रेमनगर में जिमनास्टिक के खिलाड़ियों ने प्रदर्शन किया। शाम को गुरु महाराज प्रो. पीएस सत्संगी के सान्निध्य में हुए कार्यक्रम की शुरुआत मार्च पास्ट से हुई। इसमें कतारबद्ध खिलाड़ी हाथों में बैनर लेकर चल रहे थे। मार्च पास्ट के बाद खिलाड़ियों ने अपने करतब दिखाना शुरू किए। उन्होंने शुरुआत रॉलिंग और अन्य व्यायाम कर की। उन्होंने जब हाथों के बल सीधा और उल्टा चलकर प्रणाम किया तो दर्शक तालियां बजा उठे। इसके बाद उन्होंने पैरेलल बार पर करतब दिखाए। योगासनों का प्रदर्शन कर खिलाड़ियों ने होरीजोंटल बार एक्सरसाइज कीं। जंप, रोप्स और रिंग्स पर करतब दिखाने के बाद खिलाड़ियों ने मानव पिरामिड बनाए। अंत में खिलाड़ियों ने प्रार्थना की। कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण से हुआ।