खंडपीठ के लिए वकीलों का दिल्ली कूच आज
जागरण संवाददाता, आगरा: उच्च न्यायालय की खंडपीठ को लेकर चल रहे आंदोलन में शुक्रवार को अधिवक्ता दिल्ली
जागरण संवाददाता, आगरा: उच्च न्यायालय की खंडपीठ को लेकर चल रहे आंदोलन में शुक्रवार को अधिवक्ता दिल्ली में दम दिखाएंगे। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए शुक्रवार सुबह छह बजे अधिवक्ता बसों से रवाना होंगे। इसमें आगरा के साथ मंडल के अन्य जिलों के अधिवक्ता भी शामिल होंगे।
उच्च न्यायालय की खंडपीठ को लेकर चल रहे आंदोलन में इस बार अधिवक्ताओं ने आर-पार की लड़ाई का एलान किया है। वर्षो से लंबित मांग के लिए अधिवक्ता दिल्ली में दम दिखाने को पिछले माह से तैयारी कर रहे थे। उच्च न्यायालय स्थापना संघर्ष समिति संयोजक केडी शर्मा ने पत्रकार वार्ता में बताया कि दिल्ली में प्रदर्शन के लिए अधिवक्ताओं के साथ अन्य संगठनों के पदाधिकारी 18 बसों से जाएंगे। सभी बसें सुबह छह बजे दीवानी से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी। तहसील सदर से दो, कलक्ट्रेट, कमिश्नरी से एक-एक और टैक्सेशन बार से दो बसें जाएंगी। बाह, फतेहाबाद , खेरागढ़ और किरावली तहसीलों से भी अधिवक्ता प्रदर्शन में भाग लेंगे। संघर्ष समिति ने दावा किया है कि शुक्रवार को दिल्ली में दस हजार लोग दम दिखाएंगे। पत्रकार वार्ता में अरुण सोलंकी, विजय कुमार शर्मा, गिरिवर नरायन अग्रवाल, मनीष सिंह, महताब सिंह, आशुतोष श्रोतिय, नितिन शर्मा, भारती चतुर्वेदी आदि मौजूद रहे।
केंद्रीय राज्यमंत्री और सांसद हो सकते हैं शामिल
संघर्ष समिति के संयोजक केडी शर्मा के अनुसार प्रदर्शन में केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री रामशंकर कठेरिया, फतेहपुर सीकरी के सांसद चौ. बाबूलाल और मथुरा सांसद हेमा मालिनी और भाजपा विधायक जगन प्रसाद गर्ग के शामिल होने की उम्मीद जताई है।
जन जागरण रथ ने दिया दिल्ली जाने का आमंत्रण
दिल्ली में होने वाले प्रदर्शन में भाग लेने के लिए संघर्ष समिति संयोजक और अन्य अधिवक्ताओं ने दीवानी परिसर में प्रत्येक अधिवक्ता के चैंबर में पहुंचकर उन्हें दिल्ली चलने का आमंत्रण दिया। वहीं जन जागरण रथ निकालकर अधिवक्ताओं ने शहर के प्रमुख स्थानों पर भ्रमण कर लोगों को दिल्ली चलने को आग्रह किया।
शैक्षिक संगठनों ने किया अनशन
उच्च्च न्यायालय की खंडपीठ को लेकर गुरुवार को विभिन्न शैक्षिक संगठनों ने अनशन किया। प्राथमिक शिक्षक संघ की ओर से जिलाध्यक्ष राजेंद्र राठौर, बृजेश दीक्षित, धर्मेद्र कंसाना, माध्यमिक शिक्षक संघ की ओर से दाऊदयाल शर्मा, श्यामबाबू शर्मा, भोजकुमार शर्मा, उप्र प्रधानाचार्य परिषद की ओर से रामवीर शर्मा, अनिल वशिष्ठ, सीताराम चाहर आदि थे। अनशन स्थल पर अधिवक्ताओं में केडी शर्मा, डॉ. जेके पाठक, करतार सिंह भारतीय, अरविंद मिश्रा, दरवेश यादव, गजेंद्र शर्मा बाबा, प्रकाश नरायन शर्मा शामिल रहे।