धांधूपुरा में पुलिस के सामने ताबड़तोड़ फायरिंग
जागरण संवाददाता, आगरा: दो ऑटो चालकों के बीच वर्चस्व की जंग से धांधूपुरा गांव बुधवार को थर्रा उठा। दो
जागरण संवाददाता, आगरा: दो ऑटो चालकों के बीच वर्चस्व की जंग से धांधूपुरा गांव बुधवार को थर्रा उठा। दो दिनों से चल रहे विवाद के बाद तीसरे दिन दोनों तरफ से ताबड़तोड़ फायरिंग और पथराव हुआ। पुलिस को देखकर भी लोग नहीं रुके और एक दूसरे पर गोलियां दागते रहे। कई थानों की पुलिस ने पहुंचकर स्थिति संभाली। दोनों पक्षों के चार लोगों को गिरफ्तार कर पांच राइफलें जब्त की गई हैं। गांव में तनाव के चलते फोर्स तैनात कर दिया है।
ताजगंज के धांधूपुरा में दो रिश्तेदार लक्ष्मी नारायण और बच्चू सिंह के घर आमने-सामने हैं। दोनों परिवार के लोग ताजगंज क्षेत्र में ऑटो चलाते हैं। दो दिन पूर्व पुरानी मंडी चौराहे पर ऑटो में सवारी बैठाने को लेकर दोनों पक्ष के बीच विवाद के मारपीट हो गई थी। घर पहुंचने पर रिश्तेदारों ने आपस में समझौता करा दिया। मंगलवार सुबह दोनों परिवार की महिलाओं में झगड़े के बाद मारपीट हो गई। जिसके बाद ताजगंज थाने में दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवा दिया। रिश्तेदारी होने के कारण गांव के लोगों ने उनमें दोबारा समझौता करा दिया।
बुधवार सुबह लगभग पांच बजे एक पक्ष की महिलाओं ने फब्ती कस दी। जिसके बाद दोनों परिवार के लोग गली में निकल आए। मारपीट हुई और फिर पथराव शुरू हो गया। इसके बाद दोनों पक्ष के लोगों ने छतों पर चढ़कर लाइसेंसी हथियारों से फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग और पथराव से गांव में दहशत फैल गई। गली में रहने वाले लोग जान बचाने के लिए घरों में छुप गए। लगभग दो घंटे तक फायरिंग होती रही।
ग्रामीणों ने कंट्रोल रूम को सूचना दे दी, मौके पर पहुंची चीता मोबाइल के सामने भी दोनों पक्ष बेखौफ होकर फायरिंग करते रहे। इसके बाद कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने दोनों घरों और उनके रिश्तेदारों की घेराबंदी बच्चू सिंह और उसके पुत्र संदीप तथा दूसरे पक्ष के अरविंद और पिंटू को गिरफ्तार कर लिया। घरों की तलाशी के दौरान मिलीं पांच लाइसेंसी राइफल पुलिस ने कब्जे में ले लीं।
थानाध्यक्ष मधुर मिश्रा के मुताबिक मामले मे पुलिस की ओर से मुकदमा दर्ज कर चारों आरोपियों को जेल भेजा गया है। 16 अन्य नामजद लोगों की तलाश की जा रही है।
दबदबा बनाए रखने की होड़
लक्ष्मी नारायण के तीन बेटे धारा सिंह, हिम्मत सिंह तथा श्याम बिहारी हैं। जबकि बच्चू सिंह के बेटे अरुण, लवकुश, संदीप तथा छोटू हैं। विवाद की जड़ में दोनों परिवारों के बीच गांव में दबदबा बनाने की होड़ है। बताते हैं दोनों पक्ष के बीच पूर्व में भी विवाद हो चुका है।
पुलिस ने लापरवाही से बड़ा विवाद
बुधवार को हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के लिए ग्रामीणों ने पुलिस को जिम्मेदार ठहराया। गांव वालों का कहना था कि पुलिस ने दोनों पक्षों के थाने पहुंचने के बाद सख्त कार्रवाई की होती तो उनका दुस्साहस नहीं बढ़ता। दोनों पक्ष पुलिस के सामने गोलियां चलाने की हिम्मत नहीं करते।