बातें नहीं, काम कीजिए
जागरण संवाददाता, आगरा: केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री डॉ. रामशंकर कठेरिया ने रविवार को आला अ
जागरण संवाददाता, आगरा: केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री डॉ. रामशंकर कठेरिया ने रविवार को आला अधिकारियों के साथ शहर के विकास पर बैठक की। समस्याएं याद दिलाई, कमियां बताई। नाराजगी जताने के साथ ही आश्वस्त भी किया आगरा के विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकार के बीच सेतु की भूमिका निभाएंगे।
केंद्रीय मंत्री डॉ. रामशंकर कठेरिया ने रविवार को सर्किट हाउस में पुलिस, प्रशासन और विभिन्न विभागों के आला अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने विभिन्न योजनाओं का जिक्र किया। केंद्र से मंजूर हुई योजनाओं की जानकारी दी और यहां लंबित योजनाओं पर अधिकारियों से जवाब भी तलब किए। डॉ. कठेरिया को जोर पर्यटन संबंधी योजनाओं पर ज्यादा था। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग के अधीक्षण पुरातत्वविद् एनके पाठक से उन्होंने पूछा कि ताज हेरिटेज कॉरीडोर के विकास के संबंध में सुप्रीम कोर्ट में अब तक जवाब दाखिल क्यों नहीं किया। श्री पाठक ने कहा जल्द हो जाएगा। इस पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इससे पहले बैठक में आपने सात दिन का समय दिया था। तब मैं भी उसमें मौजूद था। आप बातें कम करें, काम ज्यादा करें। इस मंडलायुक्त प्रदीप भटनागर ने भी नियम समय बताने को कहा। इस पर जवाब दाखिल करने के लिए श्री पाठक ने सात का समय मांगा। साथ ही श्री कठेरिया ने स्मारकों पर काम करने वाले फोटोग्राफरों की समस्या के समाधान के आदेश दिए।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार के बीच सेतु की भूमिका निभाकर वह योजनाओं को पूरा कराएंगे। शहर के लिए विकास के लिए जरूरत पड़ी तो मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के पास भी जाएंगे। मंडलायुक्त प्रदीप भटनागर ने उन्हें आश्वस्त किया कि योजनाओं के लिए अपेक्षित कार्य समय से करेंगे। यमुना नदी को गहरा करने के संबंध में विचार विमर्श कर जल्द ही प्रोजेक्ट बनवाने की बात भी कही।
इससे पहले केंद्रीय मंत्री श्री कठेरिया ने आगरा, एटा, मथुरा, फीरोजाबाद, शिकोहाबाद आदि जगह से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इनमें 60-70 शिकायतें नगर निगम और इतनी ही पुलिस उत्पीड़न से संबंधित थीं। 20-25 मामले टोरंट और कुछ दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम की थीं। श्री कठेरिया ने अन्य जिलों की समस्याओं के निदान को तो तत्काल अधिकारियों को फोन पर निर्देश दे दिए। वहीं, आगरा से संबंधित समस्याओं के प्रार्थना पत्र बैठक के दौरान अधिकारियों को सौंप दिए। इस दौरान भाजपा के महानगर अध्यक्ष नगेंद्र प्रसाद दुबे गामा, विधायक जगनप्रसाद गर्ग, महामंत्री अनिल चौधरी, दीपक खरे, विजय शिवहरे, ललित चतुर्वेदी, पूर्व डिप्टी मेयर प्रमोद गुप्ता गांधी, डॉ. अवधेश रावत, शरद चौहान, विपिन कुमार अग्रवाल, राजेश कठेरिया आदि उपस्थित थे।