अगवा छात्रा की हत्या, कुएं में मिला शव
जागरण संवाददाता, आगरा: खेरागढ़ के नगला कमाल से धनतेरस वाले दिन से गायब हुई दसवीं की छात्रा की हत्या
जागरण संवाददाता, आगरा: खेरागढ़ के नगला कमाल से धनतेरस वाले दिन से गायब हुई दसवीं की छात्रा की हत्या कर दी गई। लाश को गांव से आधा किमी दूर खेत में बने कुएं में फेंक दिया। परिजनों ने छात्रा को बहला-फुसलाकर अगवा कर ले जाने के आरोप में पड़ोसी गांव के एक युवक को नामजद किया था। पुलिस ने फरार आरोपी की गिरफ्तारी को शुक्रवार कई जगह दबिश दी।
खेरागढ़ के नगला कमला निवासी 14 वर्षीय प्रियंका पुत्री उदय सिंह, दसवीं की छात्रा थीं। प्रियंका 21 अक्टूबर की दोपहर गायब हो गई। परिजनों के छानबीन करने पर राजू नामक युवक द्वारा उसे बहला फुसलाकर ले जाने की जानकारी मिली। वह पड़ोसी गांवनगला पहाड़ी कला का रहने वाला है। परिजनों ने उसके विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तभी से छात्रा की तलाश में जुटे थे।
शुक्रवार दोपहर गांव से आधा किमी दूर स्थित एक कुएं से तेज दुर्गध आने पर ग्रामीणों का ध्यान उधर गया। अंदर देखने पर उसमें युवती शव तैरता दिखाई दिया। शव को बाहर निकाला, तो वह प्रियंका का निकला। तीन दिन पुरानी होने के कारण लाश क्षत-विक्षत हो चुकी थी। इंस्पेक्टर खेरागढ़ विमल कुमार के मुताबिक राजू के खिलाफ छात्रा को बहला फुसलाकर ले जाने का मुकदमा दर्ज है, जिसे हत्या में तरमीम किया जा रहा है।
हत्या से उठे सवाल
छात्रा की हत्या को लेकर ग्रामीणों में कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। गांव के ही कुछ लोगों का मानना है कि हत्या के पीछे साजिश भी हो सकती है, जिसमें राजू के अलावा कोई और भी शामिल हो सकता है। ग्रामीणों का मानना है कि राजू के पकड़े जाने पर साजिश का खुलासा हो सकता है।