सेना पुलिस की आगरा यूनिट ने जीता सर्वश्रेष्ठ यूनिट का खिताब
जागरण संवाददाता, आगरा: सेना पुलिस के 75वें कोर दिवस पर पुलिस सेना केंद्र बेंगलुरू में आयोजित प्लेटिन
जागरण संवाददाता, आगरा: सेना पुलिस के 75वें कोर दिवस पर पुलिस सेना केंद्र बेंगलुरू में आयोजित प्लेटिनम जुबली समारोह में आगरा यूनिट ने भारत की सर्वश्रेष्ठ यूनिट का खिताब जीता। टीम के आगरा लौटने पर छावनी रेलवे स्टेशन पर जोरदार स्वागत किया गया।
बेंगलुरू में आयोजित समारोह में पूरे भारत से भारतीय सेना पुलिस की 100 से ज्यादा यूनिटों ने भाग लिया था। आगरा की सैन्य प्रोवोस्ट यूनिट के जवानों ने पैरा मोटर का प्रदर्शन किया। जवानों ने पैरा ब्रिगेड का झंडा हवा में लहराया। पैरा मोटर टीम की अगुवाई नायाब सूबेदार आरसी मिश्रा ने की। सेना पुलिस के जवानों ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। प्रोवोस्ट मार्शल मेजर जनरल अनिल मेहता ने कमांडिंग ऑफिसर 50 पैरा ब्रिगेड सेना पुलिस यूनिट के लेफ्टिनेंट कर्नल अभय सिंह को सर्वश्रेष्ठ यूनिट की ट्रॉफी प्रदान की। शुक्रवार को यूनिट के आगरा लौटने पर छावनी रेलवे स्टेशन पर ढोल नगाड़ों के साथ स्वागत किया। सूबेदार केएन रेड्डी ने सर्वश्रेष्ठ टीम का खिताब जीतने पर खुशी व्यक्त की।