दीपावली पर नहीं जाएगी बिजली
जागरण संवाददाता, आगरा: दीपावली पर बिजली गुल न होगी इसकी तैयारी की जा रही है। सब स्टेशनों पर जरूरी रख
जागरण संवाददाता, आगरा: दीपावली पर बिजली गुल न होगी इसकी तैयारी की जा रही है। सब स्टेशनों पर जरूरी रखरखाव कार्य चल रहा है। दक्षिणांचल पावर कॉरपोरेशन अपनी तैयारी कर रहा है तो टोरंट ने शहर के तीनों जोन में 18 टीमों का गठन किया है। ये टीमें दीपावली पर फाल्ट सही करने के साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई करेंगी।
दीपावली रोशनी का त्योहार है। घरों को सजाने व रास्ते रोशन करने को घरों पर बिजली से संचालित सजावट के सामान लगाए जाते है। इससे दीपावली के दिन अचानक ही लोड बढ़ जाता है। इससे बिजली फाल्ट बढ़ जाते हैं। अनेक हिस्सों में फाल्ट व ओवरलोड के कारण अंधेरा होने की संभावना बनी रहती है। इससे बचने को दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम (डीवीवीएनएल) एवं यूपी ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ने पूरी तैयारी की है। डीवीवीएनएल ने अपने सब स्टेशन की अच्छी तरह जांच करने का आदेश दिया है। फिलहाल सभी उप केंद्रों पर तार व ट्रांसफारमर परखे जा रहे हैं। प्रमुख स्थानों पर तारों को दुरुस्त किया जा रहा है। एमडी पीएन सिंह ने बताया कि पूरे क्षेत्र में दीपावली पर आपूर्ति दुरुस्त रखने का आदेश दिया गया है। मंगलवार तक इसकी तैयारी पूरी हो जाएगी। वहीं दीपावली पर निर्बाध आपूर्ति के लिए पावर कॉरपोरेशन को भी पत्र लिखा गया है।
टोरंट ने भी दीपावली पर निर्बाध आपूर्ति की तैयारी की है। 18 टीमों के साथ एक एक कंट्रोल रुम भी बनाया गया है। जिसमें एक अधिकारी तैनात रहेगा। फाल्ट सही करने को तत्काल टीम भेजी जाएगी। आपात स्थिति से निपटने की भी व्यवस्था की गई है। टोरंट पीआरओ भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि दीपावली पर शहर में उपलब्ध बिजली को लगातार सप्लाई करने का प्रयास किया जाएगा।