ताज महोत्सव को नहीं मिला आयोजक
जागरण संवाददाता, आगरा: ताज महोत्सव को सेल्फ स्पांसर्ड बेसिस पर कराने के प्रयास में जुटी महोत्सव समिति को पहले ही कदम पर झटका लगा है। आयोजन में किसी इवेंट कंपनी ने रुचि नहीं दिखाई है। पर्यटन विभाग ने कोई टेंडर न जमा होने पर डेट आगे बढ़ा दी है। अब 29 सितंबर की शाम 4 बजे तक टेंडर जमा कराए जा सकेंगे।
ताज महोत्सव कला, शिल्प और संस्कृति से जुड़ा शहर का एकमात्र आयोजन है। ताज महोत्सव आयोजन समिति ने वर्ष 2015 में ताज महोत्सव को सेल्फ स्पांसर्ड बेसिस पर कराने का निर्णय लिया था। इसके तहत टेंडर लेने वाली कंपनी को सभी कार्य टिकट बिक्री, सजावट, दुकानों का आवंटन, कलाकारों का चयन आदि स्वयं करने होंगे। पिछले दिनों ताज महोत्सव आयोजन समिति ने टेंडर जारी कर 16 सितंबर तक इवेंट कंपनियों से टेंडर मांगे थे। कई इवेंट कंपनियों ने महोत्सव के संबंध में पर्यटन विभाग से जानकारी तो जुटाई, मगर एक भी टेंडर जमा नहीं हुआ। क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि ताज महोत्सव के लिए इवेंट कंपनियों द्वारा टेंडर नहीं डालने पर डेट आगे बढ़ा दी गई है।