महिला कांग्रेस का विकास भवन पर प्रदर्शन
जागरण संवाददाता, आगरा: ग्वालियर रोड व नगला पदमा में जलभराव के विरोध में जिला महिला कांग्रेस ने सोमवार को विकास भवन पर जोरदार प्रदर्शन किया। मुख्य विकास अधिकारी से कांग्रेसियों ने तत्काल नाला बनवाने की मांग की। सीडीओ ने मांग पूरी करने का आश्वासन दिया।
जिलाध्यक्ष सरोज सिंह चौहान के नेतृत्व में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता, विकास भवन पहुंचीं। सरोज सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि ग्वालियर रोड व नगला पदी क्षेत्र में बुरी तरह जलभराव है। इससे लोगों को घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। उन्होंने खेडा से पचगई तक नाला बनाने की मांग की ताकि क्षेत्र से जलभराव समाप्त हो सके। उन्होंने आरोप लगाया कि जलभराव से क्षेत्र में बीमारी फैलने का खतरा पैदा हो गया है। दर्जनों लोग फिलहाल बीमार भी है। कच्चे नाले में गिरने से कई बच्चों की मौत हो चुकी है। उन्होंने सीडीओ को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा। सीडीओ के बालाजी ने आश्वासन दिया कि नाला निर्माण का जल्द प्रयास किया जाएगा। इस दौरान मुख्य रूप से अनवार सिद्दकी, रेखा वाजपेयी, नीता शर्मा, अजय वाल्मीकि, राहुल परमार, कुसुम चौहान, चन्द्रवती, विमला देवी, रामा देवी आदि मौजूद रहे।