मुस्लिम किराएदार नहीं पूरा हक चाहिए
जागरण संवाददाता, आगरा: पंजाब के शाही इमाम हबीब-उर्र-रहमान सा-अनी लुधियानवी ने कहा है कि मुस्लिम देश में किराएदार नहीं हिस्सेदार हैं। उन्हें अपना पूरा हक चाहिए। उन्होंने कहा कि विहिप नेता प्रवीण तोगडि़या और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत नफरत पैदा करने वाले बयान दे रहे हैं, जिससे कभी भी स्थिति बिगड़ सकती है। राम जन्मभूमि विवाद के बारे में उन्होंने कहा कि इसे सियासी लोगों से दूर रखना चाहिए, क्योंकि ये फसाद पैदा कर वोटों की राजनीति करते हैं।
लुधियानवी गुरुवार को जमात खाना, मंटोला में इश्तियाक के निवास पर पत्रकारों से रूबरू थे। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान प्रायोजित आतंकी घटनाओं का मोदी सरकार सत्ता में आने के बाद विरोध नहीं कर रही। इसकी वजह यह है कि नवाज शरीफ और नरेंद्र मोदी दोनों को ही अमेरिका से पैसा मिलता है।
मुस्लिम किराएदार नहीं, हिस्सेदार
एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि देश की आजादी में बराबर की भागीदारी मुस्लिमों की रही। उनके दादा रहसुल एहरार मौलाना हबीबर्रुहमान ने ही अंग्रेजों के शासन में 14 साल 8 महीने तक जेल में यातना सहन कीं। उनके संगठन में करीब 15 लाख स्वयंसेवक थे। उसी मजलिस अहरार ए इस्लाम हिंद को सक्रिय करेंगे, ताकि मुस्लिमों को शिक्षा और उनके अधिकारों के लिए जागरूक किया जा सके। इसी उद्देश्य से बकरीद के बाद आगरा में जलसा किया जाएगा। शाही इमाम का स्वागत सगीर अहमद, मो. इम्तियाज, मुफ्ती इमरान काशमी, कारी आबिद, हाफिज जमील, कारी नईम, मो.अकील आदि ने किया।