सेंट पीटर्स में दिखीं योग की हैरतअंगेज कलाएं
जागरण संवाददाता, आगरा :
पढ़ाई के साथ अब यहां योग की भी क्लास लगती है। प्राणायाम, अनुलोम विलोम, ध्यान जैसी क्रियाओं से रोग को भगाने की कोशिश हो रही है और अब तक ताजनगरी के बड़ी संख्या में लोग इसका लाभ उठा चुके हैं।
हम बात कर रहे हैं सेंट पीटर्स कॉलेज की, जहां लोगों की दिलचस्पी देखकर कॉलेज प्रशासन योग कक्षाओं को लगातार बढ़ावा दे रहा है। हर दिन सुबह और शाम को योग की कक्षाएं चलती हैं। यही नहीं, ट्रेनर छात्रों को भी योग के फायदे बताते हैं और फिर विभिन्न क्रियाओं के तरीके सिखाए जाते हैं। गुरुवार शाम को कॉलेज परिसर के सभागार में योग कक्षाएं आयोजित की गई। जिसमें पूर्व प्रधानाचार्य और योग प्रशिक्षक फादर जान फरेरा ने 60 लोगों को योग की क्रियाएं सिखाई। कई लोगों ने योग की हैरतअंगेज क्रियाओं का प्रदर्शन किया।
योग रख सकता है निरोगी
प्रशिक्षक फादर जान फरेरा का कहना है कि योग किसी भी व्यक्ति को निरोगी रख सकता है। इससे मामूली बीमारियों से बचा जा सकता है। प्रशिक्षणार्थी को योग की प्रत्येक क्रिया और बारीकियों से अवगत कराया जाता है। इसके बाद नई कक्षा में नए लोग शामिल होते हैं।
गिनाए योग के फायदे
पिछले कई माह से योग क्लास में आ रही सुधा सिंह का कहना है कि मानसिक तनाव को कम करने में योग फायदेमंद है। उन्होंने कहा कि योग के फायदे के बारे में दूसरे लोगों को भी बता रही हैं।