कहीं हुई बूंदाबांदी तो कहीं निकली धूप
जागरण संवाददाता, आगरा: अभी तक आस पास के इलाकों में बारिश हो रही थी। यहां बादल छाए रहने के बाद भी बूंदाबांदी को शहरवासी तरस रहे थे। लेकिन रविवार को शहर के कई इलाकों में बूंदाबांदी हुई। वहीं, अधिकांश इलाकों में धूप निकलती रही। इससे शाम को मौसम का मिजाज खुशनुमा हो गया। छुट्टी के दिन लोग शाम को घरों से बाहर निकले। इससे बाजारों में भी रौनक रही। मौसम वैज्ञानिकों ने सोमवार को बूंदाबांदी की संभावना व्यक्त की गई है। साथ ही उमस भी रहेगी।
सुबह से ही तेज धूप से न्यूनतम तापमान शनिवार से करीब 1.8 डिग्री अधिक 27.8 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, अधिकतम तापमान 0.8 डिग्री की बढ़ोत्तरी के साथ 36.8 डिग्री दर्ज किया गया। इससे लोग दोपहर तक तेज धूप और उमस से बेहाल रहे। वहीं दोपहर एक बजे के करीब शहर के कई इलाकों में बूंदाबांदी से मौसम का मिजाज बदल गया। वहीं रात को भी शहर के कई इलाकों में बूंदाबांदी हुई। वहीं, बादल छाए रहे, इससे शहरवासियों ने राहत महसूस की।