छात्र बनकर रहे थे हरियाणा के बदमाश
जागरण संवाददाता, आगरा: हरियाणा में पुलिस से मुठभेड़ कर भागे बदमाश आगरा में आकर छात्र बन गए थे। किराए पर अलग- अलग कमरे लेकर वो टेढ़ी बगिया क्षेत्र में ठहरे थे। पैर में गोली लगने पर वो अस्पताल में भर्ती रहे। हरियाणा क्राइम ब्रांच की गिरफ्त में आने के बाद इसका खुलासा हुआ। अब क्राइम ब्रांच नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
हरियाणा के बहादुर गढ़ क्षेत्र में पिछले साल पुलिस से बदमाशों की मुठभेड़ हुई थी। यहां से बदमाश स्विफ्ट कार से भागे थे। इसमें एक बल्लू नाम के बदमाश के पैर में गोली लगकर पार हो गई थी। यहां आकर बल्लू ने टेढ़ी बगिया क्षेत्र में एक पूर्व पार्षद के घर किराए पर कमरा ले लिया। 3 अक्टूबर 2013 की रात को बल्लू सौ फुटा रोड स्थित श्री जी नर्सिग होम में भर्ती हुआ। उसने पैर में गोली लगने के इलाज के बजाए पेट में दर्द की शिकायत बताई थी। सुबह यहां से जाने के बाद किसी अन्य अस्पताल में भर्ती हो गया। पिछले दिनों दो बदमाशों को हरियाणा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जिसके बाद क्राइम ब्रांच टीम बदमाशों को लेकर आगरा आई और उन ठिकानों व अस्पताल का रिकॉर्ड खंगाला, जहां ये रुके थे। जांच पड़ताल में टीम को जानकारी मिली कि बदमाश यहां छात्र बनकर रुके थे। वो स्विफ्ट कार से घूमते थे और बड़े लोगों के साथ पार्टी करते थे। सूत्रों के मुताबिक, हरियाणा की पुलिस की जांच की जद में कुछ पुलिसकर्मी भी आ सकते हैं। क्योंकि ये भी बदमाशों की पार्टी में शामिल होते थे। अब हरियाणा पुलिस ने बदमाश को भर्ती करने वाले अस्पताल के चिकित्सक को पूछताछ के लिए 30 अप्रैल को हरियाणा बुलाया है।