होटल रिलेक्स का रजिस्ट्रेशन होगा निरस्त!
जागरण संवाददाता, आगरा: ताजनगरी के पर्यटन उद्योग की विश्व स्तर पर छवि खराब करने वाले जर्मन महिला सैलानी प्रकरण में होटल रिलेक्स पर सख्त कार्रवाई हो सकती है। पर्यटन पुलिस ने डीएम को होटल का सराय एक्ट में हुआ रजिस्ट्रेशन निरस्त करने के लिए रिपोर्ट भेजी है।
ताजनगरी में बालूगंज स्थित होटल रिलेक्स में सात अप्रैल को जर्मन महिला सैलानी से मैनेजर हरिओम ने अभद्र पेशकश की थी। उसने सैलानी के फोटो भी अपने मोबाइल फोन से खींचे थे। जर्मन महिला सैलानी तड़के सुबह ही होटल छोड़कर बाहर आ गई थी। उसकी शिकायत पर मैनेजर को गिरफ्तार कर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। इस प्रकरण से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ताजनगरी की छवि खराब हुई थी। इस प्रकरण से एक बार फिर होटलों में काम करने वाले कर्मचारियों के सत्यापन का मुद्दा गर्माया था। मगर, नतीजा सिफर रहा। पर्यटन पुलिस ने मुकदमा दर्ज होने के बाद होटल की पड़ताल की थी।
वरिष्ठ उपनिरीक्षक पर्यटन पुलिस ने डीएम को हाल ही में रिपोर्ट भेजी है। उन्होंने आसपास की गई पड़ताल में पूर्व में भी होटल में अवैध व अशोभनीय कृत्य होने की बात कही है। इस प्रकरण से शहर व देश की छवि खराब होने का हवाला देते हुए उन्होंने डीएम से होटल का सराय एक्ट में रजिस्ट्रेशन निरस्त करने का निवेदन किया है। इसके साथ ही उन्होंने स्वामित्व का पुन: रजिस्ट्रेशन होटल या पर्यटन व्यवसाय के लिए नहीं किए जाने की मांग की है, जिससे भविष्य में इस प्रकार के कृत्य की पुनरावृत्ति न हो।
क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि होटल का रजिस्ट्रेशन निरस्त करने की रिपोर्ट डीएम को भेजी गई है। एडीएम प्रोटोकॉल को इस मामले में कार्रवाई करनी है। मगर अभी तक कोई निर्देश प्राप्त नहीं हुए हैं।