सिपाही की बहन से दुष्कर्म, अश्लील फिल्म बनाई
जागरण संवाददाता, आगरा: घर छोड़कर गैर मजहब के युवक से प्रेम विवाह करने वाली सिपाही की बहन को सहकर्मी ने जाल में फांस लिया। दो माह तक शारीरिक शोषण करता रहा, अश्लील फिल्म बना ली। सहकर्मी के चंगुल से छूटकर लौटी युवती ने थाने पहुंचकर पुलिस को आपबीती सुनाई।
मैहर (मध्य प्रदेश) की रहने वाली शाहीन (बदला नाम) के पिता रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। बड़ा भाई रेलवे पुलिस में है। परिजनों से विवाद होने पर शाहीन ने तीन साल पूर्व घर छोड़ दिया था। ट्रेन में उसकी मुलाकात आगरा के महेश (बदला नाम) से हुई। सफर के दौरान दोनों में दोस्ती हो गई। उसकी आपबीती सुनकर महेश उसे अपने साथ आगरा लेकर आया। शाहीन ने महेश के मजहब को अपनाने के बाद नाम बदलकर उससे शादी कर ली।
दोनों जगदीशपुरा के बोदला क्षेत्र में किराए पर मकान लेकर रहने लगे। वह बोदला में एक हॉस्पिटल में काम करने लगी। इसी दौरान उसकी मुलाकात एक सहकर्मी से हुई। वह शाहीन को अपने जाल में फांसकर दो माह पूर्व अपने साथ ले गया। पति ने उसके खिलाफ जगदीशपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी। दो दिन पूर्व वापस लौटी शाहीन ने थाने पहुंचकर सहकर्मी पर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया। उसका कहना था कि सहकर्मी ने दुष्कर्म के बाद उसकी अश्लील फिल्म बना ली है। अब उसे ब्लैकमेल करने की कोशिश कर रहा है।
इंसेट
परिजनों ने अपनाने से किया इन्कार
नाबालिग उम्र में घर छोड़ने वाली शाहीन पति के साथ भी नहीं रहना चाहती। घर वापस लौटना चाहती है, पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया। लेकिन परिवार ने उसे अपनाने से इन्कार कर दिया। मंगलवार को पुलिस के काफी समझाने के बाद परिजन एक बार उससे आगरा आकर मिलने को राजी हुए।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर