गोवा जाएं तो 'वास्को द गामा' में जरूर घूमें ये 5 जगह
वास्को द गामा 20 मई, 1498 को भारत के कालीकट पहुंचे। गोवा में एक शहर उनके नाम पर बसा। आइए जानते हैं इस शहर में घूमने के लिए क्या खास है...
आर्किटेक्चर पर पुर्तगाली ओर यूरोपीय प्रभाव
पुर्तगाल के वास्को द गामा के केरल के तट पर पहुंचने के साथ ही यूरोप से भारत का रास्ता मिल गया। मसालों को लेकर इस रास्ते की खोज यूरोप के लिए बड़ी उपलब्धि थी। इससे पहले कोलंबस भारत तक पहुंचने का रास्ता खोजने निकले लेकिन वे अमरीका पहुंच गए। वास्को ने केरल के कालीकट पहुंच कर वहां के राजा से मसालों के व्यापार की हामी भरवा ली थी। 1961 तक गोवा पुर्तगाल के अधीन रहा था। वास्को द गामा शहर जुआरी नदी के प्रायद्वीप के अगले हिस्से पर बसा हुआ है। लंबे समय तक यहां पुर्तगाली शासन रहने के कारण यहां के आर्किटेक्चर पर पुर्तगाली ओर यूरोपीय प्रभाव साफ देखने को मिलता है।
1- सेंट एंड्रयूज चर्च
वास्को द गामा शहर में प्रवेश करते हुए इस चर्च के दर्शन आपको होगा। इसका निर्माण 1970 में किया गया था। आदिल शाह के सिपाहियों ने इस चर्च को 1578 में ढहा दिया था जिसे 1594 में फिर से बना दिया गया। बाहर से भले यह चर्च देखने में साधारण लगता हो लेकिन अंदर इसका वास्तु काफी सजावटी है।
2- नेवल एविएशन म्यूजियम
देश में दो नेवल एविएशन म्यूजियम हैं, जिनमें से एक वास्को द गामा में है। इस म्यूजियम में नेवी के एयर विंग के विमान और हेलीकॉप्टर प्रदर्शित किए गए हैं। यह म्यूजियम दो हिस्सों में बंटा हुआ है। बाहरी हिस्से में विमान, हेलीकॉप्टर और इंजन प्रदर्शित किए गए हैं और अंदर के हिस्से में विमान में प्रयोग होने वाले हथियार और नौसेना के एयर विंग से संबंधित चीजें प्रदर्शित की गईं हैं।
3- जापानी गार्डन
एक समय जहां फोर्टालिजा सांता कैटरीना था वहीं जापानी गार्डन बना है। आप इस गार्डन से किले के खंडहर हो चुकी दीवारों को देख सकते हैं। यह गार्डन मार्मागोवा रिज के छोर पर स्थित है। यहां से अरब सागर का मनमोहक नजारा देखा जा सकता है। थोड़ा पैदल जाकर आप एक छोटे से बीच पर भी घूमने का लुत्फ भी उठा सकते हैं।
4- बॉगमालो बीच
यह गोवा का एकांत बीच है। यह गोवा के बेहतरीन बीच में से एक है। अकसर देखने में आता है बीच पर काफी व्यवसायिक गतिविधियां रहती हैं जिससे आपके घूमने-फिरने का मजा किरकिरा हो जाता है लेकिन यहां प्राकृतिक सुंदरता और नैसर्गिक शांति आपका मन मोह लेगी।
5- इसोरसिम बीच
यह छोटा सा शांत बीच है। गोवा के दूसरे बीच से अलग यह समतल बीच है। यहां पानी से संबंधित खेलों का आम ज्यादा मजा ले सकेंगे। यह बीच काफी साफ-सुथरा है। यहां भीड़भाड़ भी काफी कम रहती है जिसकी वजह से आप यहां प्रकृति के ज्यादा करीब महसूस कर सकते हैं।