नजरों से दूर एक द्वीप
जिस ज्वालामुखीय विस्फोट से सैंटोरिनी द्वीप बना, वह धरती के दर्ज इतिहास के सबसे भीषण विस्फोटों में से एक था। इसने दक्षिणी एजियन समुद्र में थिरा द्वीप को समुद्र में कई टुकड़ों में बिखेर दिया और अक्रोटिरी में मिनोअन सभ्यता की समूची बसावट को भी मटियामेट कर दिया। उसके बाद जमीन के इस टुकड़े पर जीवन मानो फिर से शुरू हुआ। आज विस्फोट के बाद बनी चत्रनों, खाइयों, लैगून व समुद्र तटों का यह द्वीप अपनी बिरली बनावट, साज-सज्जा और रिहाइश के लिए दुनियाभर में लोकप्रिय है। यहां की सफेद इमारतें और उनकी नीली छतें, मत्थे अपनी खास पहचान हैं। डूबते सूरज की लालिमा में सैंटोरिनी के ओइआ शहर को देखने के लिए दुनियाभर से सैलानी जुटते हैं। द्वीप को सैंटोरिनी नाम 13वीं सदी में लैटिन साम्राज्य ने दिया जिसका संदर्भ पेरिसा गांव में एक पुराने कैथेड्रल से मिले सेंट इरिन के नाम से है।
थिरा एयरपोर्ट पर पहुंचते ही आप ओइआ के लिए एक टैक्सी लें। यहां पहुंचने में करीब 20 मिनट लगेंगे। यह राजधानी से उत्तर की ओर बढ़ने पर करीब 10 किमी बाद आता है। यह गांव पूरे ग्रीस में सबसे महंगा है, लेकिन यह अपनी सारी पहचान बचाकर रखने में भी कामयाब है। गांव की अधिकतर सफेद चर्च पर नीले डोम्स बने हैं। घरों से जुड़ी अधिकतर सीढि़यां और टैरेस खड़ी चट्टानों पर बने हैं। टैरेस से समुद्र का खूबसूरत नजारा, ज्वालामूखी के अवशेष और पूरा पश्चिमी किनारा दिखता है। शाम और सुबह की खूबसूरती देखने लायक होती है। आप बैठकर इसे निहारने के लिए मजबूर हो जाते हैं।
ओइआ से कार से आप 30 मिनट में पिरगोस पहुंच सकते हैं। यह सैनटोरिनी में संरक्षित मध्यकालीन गांव है। यहां पर गधों पर लदे टमाटर, फावा बींस, शहद और शराब बिकते हुए देखना आनंदायक लगता है। गांव की सफेद छतों से नजारा देखना शानदार है। पिरगोस से करीब 4 किमी दक्षिणपूर्व में प्रोफिटस लियास मोंटेसरी है, जिसकी स्थापना 1711 में द्वीप के सबसे उपरी हिस्से (566 मीटर यानी 1857 फीट) पर की गई थी। अपने गार्डेन, लाइब्रेरी और धार्मिक कला संग्रहालय के लिए प्रसिद्ध यह मांटेसरी सप्ताह में कुछ ही घंटे के लिए लोगों के लिए खुलती है। (बुधवार, शुक्रवार और शनिवार को शाम 4 से 5.30 बजे तक, शनिवार को सुबह 6 से 8.30 बजे तक, रविवार को सुबह 4.30 से 8.30 बजे तक।)
सैंटोरिनी के दक्षिणी तट में काले रेत वाला पेरिवोलोस बीच है जो युवाओं का पसंदीदा स्थल है। इस खूबसूरत बीच पर आप ताजी मछलियों का लुत्फ उठा सकते हैं। जब आप पेरिवोलोस बीच से बाहर निकलते हैं तो एक दूसरे मध्ययुगीन गांव एम्बोरियो का भ्रमण करना न भूलें। यह आधा वीरान पड़ा गांव एक रूसी गुडि़या सरीखा है- गुडि़या के भीतर एक और गुडि़या यानी एक गांव के परकोटे में एक और गांव और फिर परकोटा और फिर गांव। इन दीवारों के पार इस गांव में आप केवल पैदल पहुंच सकते हैं।
सैंटोरिनी के दक्षिणी तट पर स्थित अक्रोटिरी का मिनान शहर 1530 ईसा पूर्व में फटे ज्वालामुखी की राख से तबाह हो गया था। यह जानना काफी रोचक है कि 1967 में ग्रीक पुरातत्ववेता द्वारा इसको खोजे जाने तक यह शहर प्यूमिक स्टोन की एक अभेद पतली परत से ढका हुआ था, जिसने उसे बचाए रखा। इसकी तब की बनी गलियों, दोमंजिले घरों और बड़े मर्तबानों की प्रशंसा खूब की जाती है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर