'पूरा बदल गया है फेडरर का खेल, फिर से बन सकते हैं नंबर 1 खिलाड़ी'
वावरिंका ने आगे कहा है कि टेनिस का यह सीजन काफी मजेदार होने जा रहा है। नडाल भी अच्छा खेल रहे हैं और फेडरर भी अच्छी फॉर्म में हैं।
मयामी, एफपी। टेनिस जगत के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी रोजर फेडरर ने चोट के बाद हाल ही में टेनिस के मैदान पर वापसी की है। बीते रविवार को इंडियन वेल्स के फाइनल में फेडरर के हाथों हारने वाले स्टान वावरिंका ने कहा है कि फेडरर काफी अच्छा खेल रहे हैं और फिर से नंबर एक खिलाड़ी बन सकते हैं।
फेडरर फिलहाल 35 साल के हो गए हैं। उन्होंने इस साल ऑस्ट्रेलियन ओपन जीतने के बाद यह दूसरी जीत हासिल की है। ऑस्ट्रेलियन ओपन जीतने के साथ ही उन्होंने अपने करियर में 18 ग्रैंड स्लैम खिताब जीत लिए हैं। इस साल उन्होंने करीब साढ़े चार सालों के अंतराल के बाद कोई ग्रैंड स्लैम खिताब अपने नाम किया था।
फिलहाल फेडरर दुनिया के छठे नंबर के खिलाड़ी हैं। वह घुटने की चोट के कारण करीब छह महीने तक टेनिस से दूर रहे थे। वावरिंका को लगता है कि मैदान पर वापसी करने के बाद फेडरर बिल्कुल अलग अंदाज में खेल रहे हैं।
उन्होंने कहा, 'वह काफी अच्छा खेल रहे हैं। वह बेसलाइन के काफी पास से खेल रहे हैं, स्लाइस कम कर रहे हैं और टॉप स्पिन ज्यादा करा रहे हैं।' वावरिंका ने मयामी ओपन में पत्रकारों से कहा कि फेडरर के खेल को देखते हुए लग रहा है कि वह फिर से नंबर वन बनने जा रहे हैं।
वावरिंका ने आगे कहा, 'टेनिस का यह सीजन काफी मजेदार होने जा रहा है। नडाल भी अच्छा खेल रहे हैं। नोवाक जोकोविच और एंडी मरे भी चोट से उबरकर सामने आएंगे तो उनका खेल भी दमदार होगा।'
खेल की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
आपको बता दें कि सबसे ज्यादा उम्र में नंबर वन टेनिस खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड आंद्रे अगासी के नाम है। उन्होंने 33 साल की उम्र में नंबर वन रैंकिंग हासिल की थी। अब अगर 35 साल के फेडरर नंबर वन की रैंकिंग पर पहुंचते हैं तो यह मजेदार रिकॉर्ड उनके नाम हो जाएगा।