रोला गैरां में राफेल नडाल का परफेक्ट 10 पूरा, अब फेडरर होंगे निशाने पर
यह उपलब्धि हासिल करने वाले ओपन एरा के पहले खिलाड़ी बने राफेल नडाल।
नई दिल्ली, जेएनएन। लाल बजरी के बादशाह राफेल नडाल ने रविवार को रिकॉर्ड दसवीं बार रोलां गैरां का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। स्पेनिश स्टार नडाल ने पेरिस में खेले गए फ्रेंच ओपन के फाइनल में स्विट्जरलैंड के स्टेन वावरिंका को सीधे सेटों में 6-2, 6-3, 6-1 से पराजित कर यह रिकॉर्ड अपने नाम किया।
उन्होंने यह मुकाबला दो घंटे, पांच मिनट में अपने नाम किया। इस जीत के साथ 31 वर्षीय नडाल एक ही ग्रैंडस्लैम ट्रॉफी दस बार जीतने वाले ओपन एरा के पहले टेनिस खिलाड़ी बन गए। खिताब के अपने सफर में उन्होंने सात मैच खेले और एक भी सेट नहीं गंवाया, सिर्फ 35 गेम हारे। नडाल यहां एक भी फाइनल नहीं हारे हैं।
बन जाएंगे नंबर दो
इस जीत के साथ नडाल अब दो स्थान के फायदे के साथ एटीपी टेनिस रैंकिंग में दुनिया के नंबर दो खिलाड़ी बन जाएंगे। वह सर्बिया के नोवाक जोकोविक को तीसरे स्थान पर धकेल देंगे।
वावरिंका का सपना टूटा
2015 के चैंपियन वावरिंका का दूसरी बार फ्रेंच ओपन ट्रॉफी जीतने का सपना टूट गया। चौथी बार किसी ग्रैंडस्लैम के फाइनल में खेलने वाले वावरिंका की यह पहली हार है। इससे पहले खेले गए तीनों फाइनल में वह विजेता बने थे।
नडाल के कब-कब जीते ग्रैंडस्लैम
ऑस्ट्रेलियन ओपन: 2009
फ्रेंच ओपन: 2005, 2006, 2007, 2008, 2010, 2011, 2012, 2013, 2014, 2017
विंबलडन: 2008, 2010
यूएस ओपन: 2010, 2013
खास है यह उपलब्धि
01 पुरुष और ओवर ऑल दूसरे टेनिस खिलाड़ी बने नडाल एक ही ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट में दस खिताब जीतने वाले। उनसे अधिक ट्रॉफियां ऑस्ट्रेलिया की मार्गरेट कोर्ट (11 ऑस्ट्रेलियन ओपन) ने जीती हैं
03 साल बाद कोई मेजर ट्रॉफी जीती नडाल ने। इससे पहले उन्होंने में फ्रेंच ओपन ही जीता था
16वीं जीत है नडाल की यह वावरिंका पर। दोनों के बीच खेले गए कुल 19 मैचों में से स्टेन ने सिर्फ तीन जीते हैं
15वां ग्रैंडस्लैम खिताब जीतकर सर्वाधिक ग्रैंडस्लैम ट्रॉफियां जीतने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए नडाल। इस मामले में स्विस स्टार रोजर फेडरर (18) शीर्ष पर हैं।
81वां मुकाबला था नडाल का यह पेरिस की लाल बजरी पर। 2005 में यहां पदार्पण के बाद उन्होंने सिर्फ दो मैच हारे हैं।
24वीं जीत है यह नडाल की इस सत्र की क्ले कोर्ट पर। 25 मैचों में से उन्होंने एकमात्र मैच रोम में डोमिनिक थिएम के खिलाफ हारे।