मंगलयान की सफलता का एक महीना पूरा, गूगल मना रहा जश्न
भारत द्वारा भेजे गए मंगलयान का मंगल की कक्षा में एक महीना का समय पूरा होने पर गूगल ने अपने होमपेज पर आकर्षक डूडल बना जश्न मना रहा है और मंगलयान को बधाई भी दे रहा है।
नई दिल्ली। भारत द्वारा भेजे गए मंगलयान का मंगल की कक्षा में एक महीना का समय पूरा होने पर गूगल ने अपने होमपेज पर आकर्षक डूडल बना जश्न मना रहा है और मंगलयान को बधाई भी दे रहा है।
इस डूडल में इसरो द्वारा भेजे गए मंगलयान की तस्वीर है, जो मंगल की कक्षा में पहले ही प्रवेश कर चुका है। यान के पीछे मंगल की लाल सतह दिखाई गई है। यह डूडल ग्लोबल नहीं है। यह केवल भारत के लिए है। यह डूडल भारत के लिए गूगल सर्च पेज डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू .गूगल.को.इन और क्रोम के ब्लैंक टैब में दिख रहा है। डूडल में मंगलयान जैसा ग्राफिक लगाया गया है, जिसमें गूगल का भी इस्तेमाल किया गया है। इसके बैकग्राउंड में लाल छटा वाले मंगल को दिखाया गया है।
इस डूडल को क्लिक करने पर मंगलयान से जुड़ा गूगल का सर्च पेज खुलता है। कुछ और भी सर्च करने पर पेज के ऊपरी बाएं कोने में यह डूडल दिखता रहता है।
आमतौर पर गूगल किसी विशेष अवसर पर अपना आकर्षक डूडल लगाता है।
भारत ने पिछले वर्ष 5 नवंबर को मंगलयान भेजा था जो मंगल की कक्षा में इस वर्ष 24 सितंबर को प्रवेश करने में सफल रहा। भारत ऐसा पहला देश है, जिसने अपने पहले ही प्रयास में यह सफलता हासिल की है। इस पर 450 करोड़ रुपये की लागत आई है।