यात्रियों की सुविधा के लिए ‘शुभ बद्रीनाथ यात्रा’ एप हुआ लांच
बद्रीनाथ यात्रा के लिए एक एंड्रायड एप लांच कर दिया गया है। यह एप यात्रियों को जोशीमठ और बद्रीनाथ के बीच की तीर्थयात्रा से संबंधित जानकारी देगा
अगर आप बद्रीनाथ यात्रा के लिए कोई प्लान बना रहे हैं तो आपके लिए यह खबर खुशखबरी साबित होगी। दरअसल उत्तराखंड के चीफ मिनिस्टर हरीश रावत ने सोमवार को वार्षिक बद्रीनाथ यात्रा के लिए एक एंड्रायड एप लांच कर दिया। यह एप यात्रियों को जोशीमठ और बद्रीनाथ के बीच की तीर्थयात्रा से संबंधित जानकारी देगा।
‘शुभ बद्रीनाथ यात्रा’ नामक यह एप्लीकेशन चमोली जिला प्रशासन द्वारा बनाया गया है।
फिलहाल यह गूगल प्ले स्टोर पर लिस्टेड है। इस एप को जोशीमठ-बद्रीनाथ रास्ते से संबंधित सभी जरूरी और उपयोगी जानकारियां देने के लिए डिजाइन किया गया है ताकि यात्रियों की यात्रा सुखद, सुरक्षित, खुशहाल और आरामदायक बन सकें। यह एप आपके लिए पारंपरिक पहाड़ी भोजन और श्री बद्रीनाथ जी से सीधे अपडेट पेश करेगा।
अधिकारियों ने बताया कि यूजर्स के ऑनलाइन होते ही यह एप उनकी लोकेशन पता करके यात्रा से जुड़ी सभी जरूरी जानकारियां और सूचनाएं उन्हें पहुंचा देगा, इतना ही नहीं लैंडस्लाइड होने की हालत में यह एप यूजर्स को दूसरे रूट की जानकारी देगा। यह सभी सुविधाएं गूगल मैप के साथ जुड़ी रहेंगी।
चीफ मिनिस्टर हरीश रावत ने कहा कि अगर एप सफल हुआ तो इसे यमुनोत्री, गंगोत्री और केदारनाथ यात्रा के लिए भी शुरू कर दिया जाएगा।
गढ़वाल डिविजन कमिश्नर चंद्र सिंह नपलच्याल ने बताया कि यह एप संबंधित क्षेत्र में उपलब्ध एटीएम, होटल, पीने के पानी, टॉयलेट, बस स्टैंड, टैक्सी स्टैंड और पेट्रोल पंप इत्यादि की जानकारी देगा।