समय को जिंदगी के समान माना गया है
समय को जिंदगी के समान माना गया है। अगर आप समय को बर्बाद कर रहे हैं तो अपनी जिंदगी को बर्बाद कर रहे हैं। खोए समय को वापस नहीं पाया जा सकता है।
समय को जिंदगी के समान माना गया है। कहते हैं कि अगर आप समय को बर्बाद कर रहे हैं तो अपनी जिंदगी को बर्बाद कर रहे हैं। खोए समय को वापस नहीं पाया जा सकता है। इसलिए हर व्यक्ति को चाहिए कि वह अपने समय का सही उपयोग करे। समय सबसे बलवान होता है। इसलिए कहा गया है कि व्यक्ति बलवान नहीं होता है, समय बलवान होता है।
दुनिया के सारे सफल लोगों ने दूसरों की तुलना में अपने समय का ज्यादा सदुपयोग किया। इसलिए वे दूसरों से आगे निकल सके। समय अपनी गति से चलता रहता है, न तो वह किसी की प्रतीक्षा करता है, न किसी के लिए अपनी चाल तेज या धीमी करता है और न ही समय किसी के रोकने से रुकता है। समय का महत्व समझने वाला व्यक्ति अपनी बुद्धि और क्षमता के अनुसार समय का सही उपयोग करता है। भगवान सभी को हर दिन 24 घंटे का समय देते हैं, जो लोग अपने 24 घंटे का सही उपयोग करते हैं, वे दूसरों से आगे निकल जाते हैं, जबकि समय बर्बाद करने वाले केवल तमाशा देखते रह जाते हैं। एडिसन को समय का उपयोग करने की आदत ने ही एक महान वैज्ञानिक बनाया। उन्होंने अपने जीवन में छोटे-बड़े लगभग 2500 अविष्कार किए, जबकि कोई और वैज्ञानिक उनके आसपास तक नहीं पहुंच पाया, क्योंकि शायद किसी वैज्ञानिक ने उस हद तक अपने समय का सही उपयोग नहीं किया, जितना एडिसन ने किया था।
यूं एक मिनट हमारे जीवन को नहीं बदल सकता, लेकिन एक मिनट में लिया गया निर्णय हमारे जीवन को बदल भी सकता है। किसी संत ने अपने शिष्यों से पूछा, जिंदगी में सबसे ज्यादा जरूरी चीज क्या है, जिसे हमें न तो कभी खोना चाहिए और न ही उसका गलत प्रयोग करना चाहिए। उनके सभी शिष्यों ने अलग-अलग जवाब देते हुए पैसा, प्यार, मां-बाप, परिवार, धैर्य, साहस, ताकत, ज्ञान, भक्ति, गुरु और सांसों को सबसे जरूरी बताया, लेकिन उनके सबसे प्रिय शिष्य ने समय को सबसे ज्यादा जरूरी बताते हुए कहा कि सांसों के अलावा सभी चीजों को हम खोने के बाद भी प्राप्त कर सकते हैं और सांसों को भी हमें कभी न कभी छोड़ना ही पड़ेगा, लेकिन केवल समय ही जिंदगी की ऐसी महत्वपूर्ण चीज है जो कोई भी हमें वापस नहीं दिला सकता। दुनिया में केवल समय ही है जो हर इंसान को सीमित मात्र में मिला है, बाकी सब चीजें असीमित हो सकती हैं।