सिंहस्थ में फ्लैग स्टेशनों पर रहेंगे सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त
सिंहस्थ के दौरान रेल यात्रियों की सुरक्षा इंतजामों पर खास ध्यान रहेगा। जीआरपी जवानों के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।
रतलाम। सिंहस्थ के दौरान रेल यात्रियों की सुरक्षा इंतजामों पर खास ध्यान रहेगा। जीआरपी जवानों के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। उस समय उज्जैन तथा आसपास फ्लेग स्टेशनों पर विशेष निगरानी रखी जाएंगी। यह जानकारी जीआरपी एसपी (रेल) महेशचंद्र जैन ने डीआरएम से मुलाकात के दौरान कहीं। वे गुरुवार को शहर में विशेष दौरे पर आए थे। दोपहर करीब 4 बजे वे डीआरएम मनोज शर्मा से मिलने डीआरएम ऑफिस पहुंचे। दोनों अधिकारियों के बीच सिंहस्थ से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के अलावा व्यवस्थाओं को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
थाना भवन की दुर्दशा सुधारें
बैठक के दौरान एसपी जैन ने कहा कि मंडल सहित प्रदेशभर के जीआरपी थानों की स्थिति ठीक नहीं है। बिल्डिंग पुरानी हो चुकी है। इनके आकार भी छोटे हैं। रेलवे की सभी व्यवस्थाएं अत्याधुनिक हो गई है। लेकिन थानों के भवन अंगे्रजों की जमाने के ही हैं? इससे बारिश में वहां कामकाज में बाधाएं आ रही है। डीआरएम शर्मा ने इसमें सुधार का आश्वासन दिया। एसपी इससे पहले एडीआरएम संजय अग्रवाल, डीसीएम अजय ठाकुर से भी मिलने पहुंचे।