फूल की भांति जीवन जिये मनुष्य
जैन स्थानक में चल रहे प्रवचन के तीसरे दिन जैन शिरोमणि अचल मुनि, शीतल मुनि एवं आतिशय मुनि ने अपनी ओजस्वी वाणी के जादुई प्रभाव से श्रद्धालुओं को भाव विभोर कर दिया।
नरवाना। जैन स्थानक में चल रहे प्रवचन के तीसरे दिन जैन शिरोमणि अचल मुनि, शीतल मुनि एवं आतिशय मुनि ने अपनी ओजस्वी वाणी के जादुई प्रभाव से श्रद्धालुओं को भाव विभोर कर दिया।
अचल मुनि ने मनुष्य को जीवन जीने की कला पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मनुष्य को भौतिकवादी संसार में कमल के फूल की भांति जीवन जीना चाहिए। जिस प्रकार कमल का फूल माया रूपी कीचड़ में रहता हुए भी उसके ऊपर संसार को प्रसन्नचित करता है और स्वयं भी ऐसा सम्मान व स्थान पाता है कि देवताओं को अर्पित किया जाता है। उसी प्रकार मनुष्य को भी चाहिए कि वे अपनी इन्द्रियों और व्यसनों पर अंकुश लगाते हुए, इस माया रूपी संसार की गंदगी को दूर करते हुए एक श्रेष्ठ व्यक्ति के उत्तरदायित्व और आचरण को अपनाए।
उन्होंने बताया कि मोह ही सभी प्रकार केे बंधनों का स्त्रोत है। जैसे नशे की लत में व्यक्ति को न कुछ दिखाई देता है और न ही कुछ सूझता है। उसी प्रकार मोह माया में लिप्त व्यक्ति को भी स्वार्थ के सिवाय और कुछ नहीं सूझता और धीरे-धीरे वह कुव्यसनों की ओर अग्रसर होता जाता है। वह स्वयं भी अपना शत्रु बन जाता है एवं औरों को भी बना लेता है। उन्होंने धन के संग्रह को भी एक अन्य बुराई बताया। जैन यूनिटी के प्रवक्ता अचल मित्तल ने बताया कि मुनि के प्रवचनों का लाभ लेने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु बड़ी संख्या में आ रहे हैं। यह प्रवचन सुबह के समय होता है। प्रवचन में जैन सभा के प्रधान नरेश जैन, मंत्री विमल जैन, कोषाध्यक्ष राजेश जैन, वेद प्रकाश जैन, पिरथी जैन, सोनू जैन, दीपक जैन, सुरेश जैन और सज्जन जैन आदि मौजूद थे।
विभिन्न जैन मंदिरों में चलेगा छह दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम-
बड़ौत- बड़ा गांव में आयोजित होने वाले पंच कल्याणक से पूर्व बड़ौत में छह दिवसीय मांगलिक भक्ति उत्सव का आयोजन प्रारंभ हुआ।
सोमवार को नगर के शांतिनाथ मंदिर में भजन-कीर्तन के माध्यम से भक्ति उत्सव धूमधाम से मनाया गया। मीडिया प्रभारी वरदान जैन ने बताया कि बड़ा गांव में जैनाचार्य सनमति सागर महाराज की प्रेरणा से निर्मित त्रिलोक तीर्थ का पंचकल्याणक 17 फरवरी से 26 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। आचार्य ज्ञान सागर महाराज के सानिध्य में होने वाले इस धार्मिक कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से जैन श्रद्धालु भाग लेंगे। इससे पूर्व बड़ौत में नौ से 14 फरवरी तक विभिन्न जैन मंदिरों में भक्ति उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। सोमवार को श्री शांति नाथ मंदिर में आयोजित भक्तिोत्सव में स्याद्वाद जैन संगीत मंडल, स्याद्वाद महिला संगठन नगर एवं मंडी तथा समस्त स्याद्वाद परिवार का सहयोग रहा।