Move to Jagran APP

केदारनाथ और यमुनोत्री के कपाट बंद

भैया दूज के पावन पर्व पर शीतकाल के लिए केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के कपाट भी बंद कर दिए गए। बाबा केदार की चल विग्रह उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ऊखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर के लिए रवाना हो गई। दोपहर बाद यमुना की डोली खरसाली पहुंची, जहां विधि विधान के साथ भोग मूर्ति को मंदिर में स्

By Rajesh NiranjanEdited By: Published: Sun, 26 Oct 2014 10:00 AM (IST)Updated: Sun, 26 Oct 2014 10:19 AM (IST)
केदारनाथ और यमुनोत्री के कपाट बंद

गढ़वाल, जागरण संवाददाता। भैया दूज के पावन पर्व पर शीतकाल के लिए केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के कपाट भी बंद कर दिए गए। बाबा केदार की चल विग्रह उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ऊखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर के लिए रवाना हो गई। दोपहर बाद यमुना की डोली खरसाली पहुंची, जहां विधि विधान के साथ भोग मूर्ति को मंदिर में स्थापित किया गया। अब आगामी छह माह बाबा केदार के दर्शन ऊखीमठ और मां यमुना के दर्शन खरसाली में होंगे। गौरतलब है कि शुक्रवार को गंगोत्री धाम के कपाट बंद किए जा चुके हैं। हालांकि अगले माह 27 नवंबर तक भगवान बदरी विशाल के दर्शन बदरीनाथ में ही किए जा सकेंगे।

loksabha election banner

केदारनाथ में शनिवार को ब्रह्मामुहूर्त से ही कपाट बंद करने की प्रक्रिया शुरू हो गई थी। सर्वप्रथम मंदिर के पुजारी, हक हकूकधारी व ब्राहमणों ने भगवान शिव की पूजा की। इसके बाद सुबह करीब छह बजे चल विग्रह डोली को गर्भ गृह में लाया गया। पूजा-अर्चना और मंदिर की परिक्रमा के बाद डोली 7.44 बजे शीतकालीन गद्दी स्थल ओंकारेश्वर के लिए रवाना हुई। इसी के साथ ठीक आठ बजे जिला प्रशासन व मंदिर समिति के पदाधिकारियों और हक हकूकधारियों की मौजूदगी में धाम के कपाट बंद कर दिए गए। इस अवसर पर तकरीबन ढाई सौ श्रद्धालु मौजूद थे। शनिवार को डोली रामपुर में रात्रि विश्राम कर रविवार को गुप्तकाशी पहुंचेगी। सोमवार को भगवान केदारनाथ ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में विराजमान होंगे। चार मई को कपाट खुलने के बाद से अब तक कुल 40832 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए। आपदा के बाद से सरकार सीमित संख्या में भक्तों को केदारनाथ भेज रही थी।

शनिवार को वैदिक मंत्रोच्चारण और विशेष पूजा अर्चना के बीच शीतकाल के लिए यमुनोत्री धाम के भी कपाट बंद किए गए। इससे पहले सुबह खरसाली से बड़ी तादाद में भक्त शनि देव की डोली के साथ मां यमुना को लाने यमुनोत्री पहुंचे। जहां सूर्यकुंड में स्नान के बाद तीर्थ पुरोहितों ने विशेष पूजा की। यमुना स्त्रोत पाठ के बाद 11 बजकर 15 मिनट पर तीर्थ पुरोहित यमुना की भोगमूर्ति को डोली में मंदिर से बाहर लाए। इसके साथ ही शीतकाल के लिए यमुनोत्री धाम के कपाट बंद कर दिए गए। डोली के यमुनोत्री धाम से प्रस्थान करते ही सैकड़ों श्रद्धालुओं का हुजूम दर्शनों के लिए उमड़ पड़ा।

इस मौके पर शहरी विकास मंत्री व यमुनोत्री के विधायक प्रीतम सिंह पंवार भी मौजूद थे। यमुनोत्री मंदिर से करीब सात किमी की पैदल दूरी तय कर भोगमूर्ति को शीतकालीन प्रवास खरसाली गांव में पहुंचाया गया। खरसाली में भोगूमूर्ति को विधि विधान के साथ मंदिर में स्थापित किया गया। यमुनोत्री मंदिर समिति के उपाध्यक्ष पवन सेमवाल ने कहा कि शीतकाल में यमुना की पूजा खरसाली गांव मे ही होगी। इस बार बीते छह माह में मात्र 38 हजार यात्री ही यमुनोत्री पहुंचे, जबकि आपदा से पहले यह संख्या करीब तीन लाख रहती थी।

पढ़े: केदार धाम का वैभव लौटाने का संकल्प

केदारनाथ धाम बसाने में वास्तु का सहारा


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.