हेमकुंड साहिब व लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के खुले कपाट पहले दिन 7 हजार ने किए दर्शन
सिखों के पवित्र तीर्थ श्री हेमकुंड साहिब व हिंदुओं के धाम लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट ग्रीष्मकाल के लिए खोल दिए गए। पहले दिन सात हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दोनों धामों में दर्शन किए।
गोपेश्वर। सिखों के पवित्र तीर्थ श्री हेमकुंड साहिब व हिंदुओं के धाम लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट ग्रीष्मकाल के लिए खोल दिए गए। पहले दिन सात हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दोनों धामों में दर्शन किए।
श्री हेमकुंड साहिब व लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट सुबह 10 बजे श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले गए। इससे पहले प्रात: तीन बजे से श्रद्धालुओं का जत्था घांघरिया से हेमकुंड साहिब के लिए रवाना हुआ। घांघरिया से पांच किमी पैदल चढ़ाई चढ़ते वक्त श्रद्धालुओं ने गुरु के जयकारे लगाए।
इस दौरान भजन कीर्तन से यह पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। यात्री घांघरिया से पैदल, घोड़े खच्च्चरों, डंडी-कंडी के जरिये हेमकुंड साहिब तक पहुंचे।
कपाट खुलने के बाद सबसे पहले मुख्य ग्रंथी जस्सा सिंह ने गुरु की अरदास पढ़ी। यहां मौजूद श्रद्धालुओं ने ठंड के बावजूद पवित्र हेमकुंड सरोवन में डुबकी लगाने के बाद दरबार साहिब में जाकर माथा टेका और अरदास में भाग लिया।
अरदास के बाद सुखमणि का पाठ भी हुआ। इस दौरान शबद कीर्तन का आयोजन भी गुरुद्वारे में किया गया। पहले दिन श्रद्धालुओं को कड़ा प्रसाद के रूप में वितरित किया गया। सुबह साफ मौसम के बीच लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट भी वेद मंत्रोच्चारण के बीच खोल दिए गए।
भ्यूंडार गांव के हक हकूकधारी कुशल सिंह चौहान के नेतृत्व में भक्तों ने भगवान लक्ष्मण की पूजा अर्चना की।