श्रद्धालुओं ने खेली दूध की होली
मुलतान समाज के श्रद्धालुओं ने रविवार को 105वें जोत महोत्सव में हरकी पैड़ी पर दूध की होली खेली। महोत्सव में केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने भी भाग लिया। मुलतान जोत महोत्सव का धार्मिक ही नहीं एतिहासिक महत्व भी है। 1911 में पाकिस्तान के मुलतान से रूप चंद नाम
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। मुलतान समाज के श्रद्धालुओं ने रविवार को 105वें जोत महोत्सव में हरकी पैड़ी पर दूध की होली खेली। महोत्सव में केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने भी भाग लिया।
मुलतान जोत महोत्सव का धार्मिक ही नहीं एतिहासिक महत्व भी है। 1911 में पाकिस्तान के मुलतान से रूप चंद नाम के व्यक्ति वहां से जोत लेकर पैदल ही हरिद्वार पहुंचे थे। हरकी पैड़ी पर उन्होंने जोत के साथ दूध गंगा में अर्पित किया।
तब से हर साल मुलतान जोत महोत्सव मनाया जाता है। आजादी के बाद भारत में रहने वाले मुलतान समाज के लोगों ने इस परंपरा को जारी रखा। रविवार को केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने श्रद्धालुओं को बधाई दी और महोत्सव में दूध की होली का लुत्फ उठाया।
इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से आए मुलतान समाज के लोगों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में अखिल भारतीय मुलतान युवा संगठन के प्रधान डॉ. महेंद्र नागपाल ने कहा कि महोत्सव में लघु भारत के दर्शन हो रहे हैं। महोत्सव भाईचारे का संदेश देता है।