Move to Jagran APP

सृष्टि का संगीत

हम बाहर का संगीत सुनकर आनंदित भी होते हैं। अगर भीतर का संगीत न सुनाई दे,तो यह सब ऊपर-ऊपर की बात है।

By Preeti jhaEdited By: Published: Tue, 28 Feb 2017 01:17 PM (IST)Updated: Tue, 28 Feb 2017 01:23 PM (IST)
सृष्टि का संगीत
सृष्टि का संगीत
सुबह होते ही पक्षियों का गीत शुरू हो जाता है। हवाओं के झोंके वृक्षों से टकराते हैं और गाते हैं। पहाड़ों से झरने
गिरते हैं और नाद उत्पन्न होता है। आकाश में बादल आते हैं और तुमुल उद्घोष होता है। नदियां बहती हैं। सागर की तरंगें तटों से टकराती हैं। जीवन को अगर गौर से देखा जाए तो अस्तित्व में जो सबसे ज्यादा प्रकट बात दिखाई पड़ती है, वह है गीत। पूरी सृष्टि गाती हुई मालूम पड़ती है। गीत से ज्यादा स्पष्ट अस्तित्व में और कोई बात नहीं है। अगर जीवन गीत से इतना भरा है, तो इस गीत के पीछे परमात्मा का हाथ होगा। अगर हम भी गा सकें, अगर हम भी इस गीत में लीन हो सकें, तो सुखद अनुभूति का धागा हाथ में आ जाएगा। यह धागा गीत में लीन होगा, फिर इस संसार की कैद से परमात्मा के मोक्ष धाम तक जाने में देर नहीं लगेगी।
गीत गाते ही एक मस्ती पकड़ने लगती है। एक नशा छाने लगता है। पक्षी इसकी चिंता नहीं करता है कि उसकी ध्वनि मधुर है या नहीं, पर इंसान भयातुर हो गया है। यह सवाल ही नहीं है कि स्वर मधुर है या नहीं,
क्योंकि गीत कोई बाजार में बेचने के लिए नहीं है। गीत तो अहोभाव के लिए है। गीत की असली सार्थकता उसके माधुर्य में नहीं, उसकी लीनता में है। हम उसमें इतना लीन हो सकते हैं कि बस मिट ही गए। मिटने में ही
सार्थकता है।
संगीत जीवन की सहज सरिता है। संगीत तो वहां बिना सीखे मौजूद है। सिर्फ थोड़ी हिम्मत जुटाने की जरूरत है। एक बार जब शुरुआत हो जाएगी, तो यह क्रम चलता रहेगा। जीवन का संगीत सुनें। उसे खोजें और पहले उसे
अपने हृदय में ही सुनें। आरंभ में कदाचित गीत नहीं, बल्कि बेसुरा कोलाहल सुनाई देगा। उसे और अधिक ढूंढ़ें। निष्फल होने पर और अधिक गहरे में ढूंढ़ना चाहिए। एक प्राकृतिक संगीत, एक गुप्त जलस्रोत प्रत्येक
मानव हृदय में है। जीवन का संगीत सुनने से पहले यह शर्त है कि उसे पहले अपने हृदय में सुनो, नहीं तो यह बाहर सुनाई नहीं पड़ेगा।
हम बाहर का संगीत सुनकर आनंदित भी होते हैं। अगर भीतर का संगीत न सुनाई दे,तो यह सब ऊपर-ऊपर की बात है। 
ओशो

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.