अमरनाथ यात्रा के लिए 540 श्रद्धालुओं का जत्था रवाना
दो जुलाई से शुरू हुई यात्रा में अब तक दो लाख दस हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा अमरनाथ की पवित्र गुफा के दर्शन कर लिए हैं।
जम्मू : बाबा अमरनाथ यात्रियों की संख्या कम होती जा रही है। कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच बुधवार को 540 श्रद्धालुओं का जत्था पहलगाम व बालटाल के लिए रवाना हुआ। यात्रा के आधार शिविर यात्री निवास भगवती नगर से दोपहर को रवाना हुए जत्थे में 395 पुरुष, 75 महिलाएं और 70 साधु शामिल थे। वहीं, दो जुलाई से शुरू हुई यात्रा में अब तक दो लाख दस हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा अमरनाथ की पवित्र गुफा के दर्शन कर लिए हैं।
श्रद्धालुओं की संख्या में कमी का कारण कश्मीर में बिगड़े हालात को बताया जा रहा है। आतंकी बुरहान वानी के मुठभेड़ में मारे जाने के बाद कश्मीर में आठ जुलाई से ङ्क्षहसक प्रदर्शनों का दौर शुरू हुआ था, जो थमा तो है लेकिन हड़ताल जारी है। हालात अभी भी पूरी तरह से सामान्य नहीं हुए हैं। हालांकि हजारों की संख्या में श्रद्धालु करंट पंजीकरण करवा कर यात्रा पर गए हैं और अभी भी आ रहे हैं। वहीं एडवांस पंजीकरण करवाने वाले श्रद्धालुओं को अभी यात्रा करनी है। करीब ढाई लाख श्रद्धालुओं ने एडवांस पंजीकरण करवाया है। यात्रा संपन्न होने में अभी बीस दिन से अधिक का समय बचा हुआ है। यात्रा 18 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन संपन्न होगी।