409 श्रद्धालुओं का जत्था बाबा बर्फानी के दर्शन को रवाना
कड़ी सुरक्षा के बीच बुधवार सुबह श्रद्धालुओं का 34वां जत्था पवित्र अमरनाथ गुफा के लिए रवाना हुआ। जम्मू से दक्षिण कश्मीर के लिए रवाना हुए इस जत्थे में 409 श्रद्धालु शामिल थे।
जम्मू। कड़ी सुरक्षा के बीच बुधवार सुबह श्रद्धालुओं का 34वां जत्था पवित्र अमरनाथ गुफा के लिए रवाना हुआ। जम्मू से दक्षिण कश्मीर के लिए रवाना हुए इस जत्थे में 409 श्रद्धालु शामिल थे।
पुलिस के अनुसार सुबह 4.05 बजे 12 गाड़ियों से श्रद्धालुओं का जत्था बाबा बर्फानी के दर्शन को रवाना हुआ। 409 लोगों के इस जत्थे में 255 पुरुष, 55 महिलाएं और दो बच्चे शामिल थे। ये सभी लोग आज सुबह जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से रवाना हुए।
एक महीने में 90 हजार करंट पंजीकरण
जम्मू, राज्य ब्यूरो। बाबा अमरनाथ यात्रा के एक महीने में नब्बे हजार से अधिक श्रद्धालु करंट पंजीकरण करवा कर यात्रा पर गए हैं। फिलहाल औसतन दो से तीन सौ के बीच श्रद्धालु करंट पंजीकरण करवा कर यात्रा पर जा रहे हैं। इस समय यात्रा के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में काफी कमी आई है। जम्मू में जम्मू हाट, सरस्वती धाम और वैष्णवी धाम व श्रीनगर में दो करंट पंजीकरण केंद्र बनाए गए हैं।
28 जून से शुरू हुई यात्रा के पहले महीने में औसतन रोजाना ही अढ़ाई हजार से लेकर तीन हजार के बीच श्रद्धालुओं ने करंट पंजीकरण करवाया। पिछले वर्ष भी करंट पंजीकरण करवाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या एक लाख का आंकड़ा पार कर गई थी। हालांकि, श्री बाबा अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने एडवांस पंजीकरण की व्यवस्था एक मार्च से शुरू की थी, लेकिन यात्रा के शुरुआत में रोजाना ही हजारों की संख्या में गैरपंजीकृत श्रद्धालु यात्रा के लिए पहुंचने शुरू हुए थे।
अब तक साढ़े तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा में शिवलिंग के दर्शन कर लिए हैं, जिसमें नब्बे हजार के करीब करंट पंजीकरण करवा कर यात्रा पर गए। श्रद्धालुओं में इस बार उत्साह व जोश का कारण यह है कि बाबा बर्फानी यात्रा के अंतिम दिनों तक पवित्र गुफा में विराजमान है।