प्याज से प्यार सेहत की सौगात
प्याज को गुणों की खान यूं ही नहीं कहा जाता। इसे काटते समय आंख से आंसू जरूर निकलते हैं, लेकिन प्याज में ऐसे तमाम गुण हैं, जो सेहत और सौंदर्य दोनों के लिए उपयोगी हैं। आइए जानते हैं इसके अन्य गुणों के बारे में।
प्याज सिर्फ खाने का स्वाद ही नहीं बढाता, यह गुणकारी भी है। प्याज में न जाने कितनी ही बीमारियों का इलाज छिपा है। यह हरा हो, लाल या सफेद सेहत के लिए किसी वरदान से कम नहीं। गर्मियों में कच्चे प्याज का अधिक से अधिक सेवन करने से लू से बचा जा सकता है। इसमें प्रोटीन, फाइबर, कार्बोहाइड्रेट तथा मिनरल्स होते हैं। इसमें पाए जाने वाले मिनरल्स व विटमिंस में कैल्शियम, फॉस्फोरस, आयरन, कैरोटिन, थियामीन, राइबोफ्लेविन व नियासिन शरीर की रोगप्रतिरोधक क्षमता बढाते हैं। एक शोध से पता चला है कि प्याज खाने वाले लोगों में पेट के कैंसर का खतरा कम हो जाता है। प्याज में मौजूद मैग्नीशियम आंतों, दिल, दिमाग, आंखों व बालों के लिए गुणकारी बताया गया है। यहां डाइटीशियन प्रियंका बता रही हैं प्याज के अन्य गुणों के बारे में।
इम्यूनिटी बढाए प्याज में पाए जाने वाले मिनरल्स इम्यूनिटी को मजबूत बनाते हैं। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स और विटमिन सी शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढाते हैं।
दिल को बनाए स्वस्थ
कच्चा प्याज उच्च रक्तचाप को सामान्य करता है। साथ ही बंद आर्टरीज को खोलता है। प्याज में मौजूद गंधक यौगिक रक्त में कोलेस्ट्रॉल के स्तर तथा ट्राइग्लिसराइड्स को कम करने में मदद करते हैं। इसमें मिथाइल स्लफाइड और अमीनो एसिड होता है, तो खराब कोलेस्ट्रॉल को घटा कर अच्छे कोलेस्ट्रॉल को बढाता है।
मस्तिष्क के लिए फायदेमंद
प्याज हमारे मस्तिष्क को कई तरह से लाभ पहुंचाता है। इसमें पाए जाते वाले कई प्रकार के मिनरल्स दिमाग में पहुंचने वाले वायरस को खत्म करने में सहायक होते हैं। ऐसा इसकी गंध में पाए जाने वाले यौगिक के कारण होता है। साथ ही यह दिमाग की कोशिकाओं को लचीला भी बनाता है।
पथरी से दे छुटकारा
गुर्दे या गॉल ब्लैडर की पथरी निकालने में प्याज का रस काफी प्रभावी होता है। प्याज के रस में चीनी मिलाकर शरबत की तरह पीने से पथरी बाहर निकल जाती है।
अनिद्रा करे दूर
प्याज खाने से नींद बेहतर आती है। प्याज में मौजूद क्वाजिटिन यौगिक दर्द, अवसाद व चिंता को कम करता है। कच्चे प्याज का सैलेड रोजाना खाने से पर्याप्त नीद आती है।
लू से बचाए
कच्चा प्याज नियमित रूप से खाने से लू नहीं लगती। साथ ही धूप में बाहर जाते समय अपने साथ अगर प्याज रखा जाए तो लू नहीं लगती। ये बॉडी में नमी का संतुलन भी बनाए रखता है।
एनीमिया ठीक करे
प्याज काटते समय आंखों से आंसू टपकते हैं, ऐसा प्याज में मौजूद सल्फर की वजह से होता है। इस सल्फर में एक तेल मौजूद होता है, जो कि एनीमिया को ठीक करने में सहायक होता है। खाना पकाते समय यही सल्फर जल जाता है, इसलिए ऐसे में कच्चा प्याज खाना चाहिए।
बढने न दे कैंसर कोशिकाएं
खानपान की गलत आदतें और आधुनिक लाइफस्टाइल हमारे शरीर पर विपरीत प्रभाव डालती हैं। यह धीरे-धीरे हमारी कोशिकाओं को बेअसर कर देती हैं। कोशिकाओं को होने वाले नुकसान के कारण कैंसर होता है। प्याज में पाए जाने वाले एंटीऑक्सीडेंट्स कोशिकाओं के नुकसान को रोकते हैं। साथ ही कैंसर कारकों को पनपने नहीं देते। इसलिए कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों को दूर रखने के लिए प्याज का सेवन उत्तम है।
बालों का गिरना थामे
बाल गिरने की समस्या से निजात पाने के लिए प्याज बहुत ही असरकारी होता है। सिर की त्वचा पर प्याज का रस लगाने से बालों का गिरना बंद होता जाता है। साथ ही रूसी की समस्या भी दूर होती है।
न्यूट्रिशनल चार्ट (प्रति 100 ग्राम प्याज)
कैलरीज : 42, सोडियम : 3 मिग्रा, कुल वसा : 0 ग्राम, पोटैशियम : 144 मिग्रा, कार्ब : 10 ग्राम, डाइटरी फाइबर : 1 ग्राम, शुगर : 4 ग्राम, प्रोटीन : 1 ग्राम, कोलेस्ट्रॉल : 0 मिग्रा, कैल्शियम : 2च्, विटमिन सी : 11च्, आयरन : 1च्।