सखी का सौन्दर्य
मेरे होंठों के बाहरी किनारों पर बार-बार व्हाइट हेड्स हो जाते हैं। मैं हमेशा अच्छे ब्रैंड की लिपस्टिक यूज़ करती हूं। कभी-कभी ये दाने पेनफुल हो कर सूज जाते हैं और होंठों का शेप अजीब सा लगने लगता है। कृपया कोई घरेलू उपाय बताएं।
मेरे होंठों के बाहरी किनारों पर बार-बार व्हाइट हेड्स हो जाते हैं। मैं हमेशा अच्छे ब्रैंड की लिपस्टिक यूज करती हूं। कभी-कभी ये दाने पेनफुल हो कर सूज जाते हैं और होंठों का शेप अजीब सा लगने लगता है। कृपया कोई घरेलू उपाय बताएं।
मुक्ता श्रीवास्तव, भोपाल
एक बोल में 4 टेबलस्पून कच्चा दूध और 1 टेबलस्पून नमक डालकर अच्छी तरह से मिला लें। उस मिक्सचर से 20 मिनट तक व्हाइट हेड्स पर सर्कुलर मोशन में मसाज करने के बाद पानी से धो लें। इस घरेलू उपाय को अपनाने के बाद आपको फर्क महसूस होगा।
मेरी टीनएज नातिन को एक्ने की समस्या है जो केवल माथे पर ही होती है। बाकी चेहरे की त्वचा एकदम स्वस्थ व सामान्य है। कई घरेलू उपायों के बाद भी यह समस्या बनी हुई है। साथ ही अपरलिप के ऊपर हलके रोएं हैं जो गोरी त्वचा पर स्पष्ट दिखते हैं। उचित सलाह दें।
रेखा, कानपुर
एक्ने के लिए: अगर घरेलू उपाचार के बाद भी एक्ने ठीक नहीं हो रहे हों तो जल्द ही किसी डर्मेटोलॉजिस्ट से संपर्क करें। उसके खानपान का विशेष खयाल रखें। उसको बहुत ज्यादा तैलीय पदार्थ या स्ट्रीट फूड न खाने दें। फल और हरी सब्जिय़ों को उसकी डाइट में शामिल करें। साथ ही रोज 8-10 ग्लास पानी पीने की आदत भी डालें। कई बार खानपान की गलत आदतों से भी ऐसा हो जाता है। अपर लिप के ऊपर के रोएं हटाने के लिए थ्रेडिंग ही सटीक उपाय है।
एक बार मुझे स्किन इन्फेक्शन हो गया था, जिसकी वजह से आंखों के चारों ओर झुर्रियां पड गई हैं। मेरी आंखों का पावर .05 ही है, फिर भी थकान बहुत जल्दी हो जाती है। कृपया आंखों को हेल्दी तथा नरिश रखने के कुछ उपाय बताएं।
सीमा सहाय, दिल्ली
आंखों में अगर अकसर ही थकान महसूस होती हो तो आंखों के स्पेशलिस्ट को दिखाएं। स्किन इन्फेक्शन की समस्या के लिए कुशल डर्मेटोलॉजिस्ट से संपर्क करें।
आंखों की नरिशिंग के लिए : अनन्नास के रस से आंखों के नीचे 20 मिनट तक मालिश करें। उसके बाद पानी से धो लें। इससे आपको काफी आराम मिलेगा।
मेरी उम्र 35 साल है। मुझे हेयर कलर करवाना बेहद पसंद है। हेयर कलर देर तक टिके, इसके लिए घर पर क्या सावधानियां बरतनी चाहिए?
नंदिनी गुप्ता, लखनऊ
अगर आपको हेयर कलर करवाना बहुत पसंद है तो हमेशा ब्रैंडेड हेयर कलर का ही इस्तेमाल करें। पैकेट पर जो भी निर्देश लिखे हों, उनके अनुसार ही कलर करें। कलर्ड हेयर के लिए अलग से शैंपू, मास्क और सीरम आते हैं। बालों में बहुत ज्यादा तेल भी न लगाएं।
मेरी उम्र 40 साल है। पिछले आठ साल से मुझे शुगर है। समस्या यह है कि दो-तीन साल से माथे पर काले निशान से बन गए हैं। मेरा रंग सांवला है। ये निशान अलग से नजऱ आते हैं। इनके कारण चेहरे का रंग अजीब सा लगता है। क्या मेरी समस्या का कोई स्थायी उपाय है? उचित चलाह दें।
ऋचा पटनायक, मुंबईं
पिग्मेंटेशन की समस्या ब्लड शुगर के कारण है। जल्द ही किसी स्किन स्पेशलिस्ट से संपर्क करिए। वह आपको उसी के अनुसार दवाइयां दे सकेगा। यह घरेलू उपाय भी आजमा सकती हैं- निशानों पर 15 मिनट के लिए प्याज का रस लगाएं। उसके बाद साफ पानी से धो लें। या फिर दालचीनी को ग्राइंडर में पीसने के बाद उसमें शहद मिलाएं। 10 मिनट तक त्वचा पर लगाकर रखने के बाद धो लें।
मेरी उम्र 23 वर्ष है। मेरी एडियां बहुत फटती हैं। मैं फुट क्रीम भी लगाती हूं, पर कोई लाभ नहीं हुआ। मुझे क्या करना चाहिए?
पिंकी, रतलाम
फटी एडियों को सही करने के लिए यह घरेलू उपचार आजमाया जा सकता है- एक बोल में 2 टीस्पून ब्राउन शुगर, 1 टीस्पून नींबू का रस, 1 टेबलस्पून शहद और 1 टेबलस्पून ऑलिव ऑयल लें। सामग्रियों को अच्छी तरह से मिलाकर गाढा पेस्ट तैयार कर लें। अपने पैरों को 15 मिनट तक गुनगुने पानी में डुबो कर रखें। उसके बाद उस पेस्ट से 20 मिनट तक स्क्रबिंग करें। फिर पानी से धो लें।
मेरी उम्र 34 वर्ष है। मेरे गले में झुर्रियां पड रही हैं। गले की त्वचा चेहरे की अपेक्षा काफी काली भी है। इस वजह से मैं बहुत परेशान हूं। क्या करूं?
कोमल मेहरा, ऋषिकेश
एक बोल में शहद की कुछ बूंदें, ऑलिव ऑयल की कुछ बूंदें और ग्लिसरीन अच्छी तरह से मिला लें। दिन में दो बार उससे त्वचा पर हलके हाथों से मसाज करें। इससे आपकी त्वचा की रंगत में बदलाव आएगा और झुर्रियों की समस्या का भी समाधान हो जाएगा। ?
टिप्स
-चेहरे की नियमित सफाई बहुत जरूरी है। गर्मियों में ऑयल सिक्रीशन बढने के कारण मुंहासे निकल आते हैं।
-गुलाबजल में थोडी सी ग्लिसरीन मिलाकर चेहरे की सफाई करें। फिर ठंडे पानी से धो लें। चेहरे की किस्म के अनुरूप ही ब्यूटी प्रोडक्ट का प्रयोग करें।
-अच्छे ब्रैंड के वॉटर बेस्ड मॉयस्चराइजर ही स्किन पर लगाएं।
डॉ. ब्लॉसम कोचर
सौंदर्य विशेषज्ञ