हेयर मास्क का जादू
सुंदर बाल हमारी खूबसूरती में चार चांद लगा देते हैं, लेकिन जब बालों में कोई गड़बड़ी हो जाए तो वही चिंता का विषय बन जाते हैं। आइए जानें बालों के लिए बेहतरीन हेयर मास्क ताकि वे आपके चेहरे पर मुस्कान बनाए रखें।
बालों के जिक्र के बिना स्त्री के रूप की तारीफ अधूरी सी लगती है। जी हां बाल हमारे रूप का अहम हिस्सा हैं। बाल किसी भी स्त्री या पुरुष को आकर्षक बनाने में 90 प्रतिशत भूमिका निभाते हैं। पर जब ये बेजान, दो मुंहें व कमजोर हो जाते हैं तो सौंदर्य छीन लेते हैं। बालों की इन समस्याओं से छुटकारा पाने के लिए के लिए न जानें कितने उपाय अपनाए जाते हैं। लेकिन परिणाम मनचाहे नहीं मिल पाते। व्यस्तता के कारण सलॉन जाना भी मुश्किल व खर्चीला होता है। ऐसे में याद आते हैं घरेलू उपाय। यहां ब्यूटी एक्सपर्ट आश्मिन मुंजाल बता रही हैं कुछ घरेलू हेयर मास्क, ताकि बाल हमेशा मुस्कराते रहें।
कोकोनट एंड क्रीम मास्क
यह मास्क रूखे बालों के लिए मुफीद है। इसका मॉयस्चराइजिंग फॉम्र्युला बालों को मुलायम और रेशमी बनाने में मदद करेगा। साथ ही उन्हें बाउंसी लुक प्रदान करेगा। इसे घर पर आसानी से बनाया जा सकता है।
-2 हिस्सा कोकेनट ऑयल में 1 हिस्सा ऑलिव ऑयल मिलाकर बालों की जडों से सिरों तक लगाएं। लगाने के बाद शॉवर कैप पहन लें। अच्छे परिणाम के लिए इसे आधा-एक घंटे के लिए छोड दें। उसके बाद माइल्ड हर्बल शैंपू और कंडिशनर करें।
बनाना क्रीम मास्क
यह हेयर मास्क कमजोर और क्षतिग्रस्त बालों में नई जान डाल देता है। केला बालों को मजबूत बनाता है और कमजोर पड गईं बालों की जडों में दोबारा जीवन भर देता है। इसमें मौजूद आयरन और विटमिंस से बालों को पर्याप्त पोषण मिलता है।
-एक केले को ग्राइंडर में डालकर ब्लेंड करें। फिर उसमें एक टी स्पून शहद मिलाएं। इसे सिर की त्वचा और बालों में अच्छी तरह लगाएं। 15-20 मिनट बाद हलके गुनगुने पानी से धो लें। शहद एक प्राकृतिक कंडिशनर है, जो बालों को नर्म-मुलायम और स्वस्थ बनाए रखने में मदद करता है।
ओटमील हेयर मास्क
सिर की तैलीय त्वचा के लिए यह हेयर मास्क बेहतरीन है। यह रूसी की समस्या से छुटकारा दिलाता है और सिर की त्वचा की जलन को दूर करता है। यह अतिरिक्त तेल को निकालकर पोषण देता है। इसे नियमित रूप से लगाने से बालों का विकास बढ जाता है। - 1 टेबल स्पून ओटमील में 1 टेबल स्पून ताजा दूध और 1 टेबल स्पून आमंड ऑयल मिलाकर पेस्ट तैयार करें। इसे आहिस्ता से सिर की त्वचा व बालों पर लगाएं। 15-20 मिनट बाद गुनगुने पानी से धो लें। बेहतर परिणाम के लिए मास्क लगाने के बाद पानी में नीबू का रस मिलाकर लगा सकती हैं।
हिबिस्कस हेयर मास्क
बालों की जडें कमजोर और सिर की त्वचा के छिद्र खुले हुए हैं तो हिबिस्कस मास्क बेहतरीन घरेलू उपचार हो सकता है। गुडहल के फूल में ऐसे तत्व पाए जाते हैं, जो जडों को मजबूत बनाने में सहायक होते हैं। साथ ही यह सिर की त्वचा का रक्त संचार बढाकर खुले हुए छिद्रों को बंद करने में मदद करता है। हेयर फॉलिकल्स को जरूरी पोषक तत्व पहुंचाकर बालों की ग्रोथ बढाता है।
-1-2 हिबिस्कस के फूलों की पंखुडियों को एक कप पानी में रात भर के लिए भिगो दें। सुबह इसे ऑलिव ऑयल और दूध के साथ ब्लेंड करके बालों में लगाएं। 20-25 मिनट बाद ठंडे पानी से धो लें।
करी लीव्ज मास्क
तनाव भरी जिंदगी और असंतुलित आहार के चलते बाल कमजोर होकर गिरने और असमय सफेद होना शुरू हो जाते हैं। एक अनुमान के मुताबिक लगभग 90 प्रतिशत लोग इन दोनों समस्या का सामना करते हैं। करी पत्ता हेयर मास्क न सिर्फ बालों का गिरना थामेगा बल्कि उन्हें असमय सफेद बालों की समस्या भी दूर करेगा। इस मास्क से बालों की ग्रोथ भी अच्छी होती है।
-20 करी पत्ते, 1 स्टिक रतनजोत और 1/4 कप कोकोनट ऑयल लें। करी पत्ता को एक कप पानी और रजतनजोत को कोकोनट ऑयल में रातभर के लिए भिगो दें। सुबह रतनजोत को तेल से निकाल दें। फिर तेल और भीगे हुए करी पत्तों को एक साथ पीस लें। इसे सिर की त्वचा और बालों में अच्छी तरह लगाएं। इस मास्क को 1-2 घंटे लगा रहने दें। फिर ठंडे पानी से धोने के बाद शैंपू और कंडिशनर करें।