कॉस्मेटिक सर्जरी
मेरी उम्र 26 साल है। मैं जानना चाहता हूं कि क्या कॉस्मेटिक सर्जरी के बाद उस जगह पर कोई क्रीम या मॉयस्चराइजर का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए? अगर ऐसा है तो क्यों है?
मेरी उम्र 26 साल है। मैं जानना चाहता हूं कि क्या कॉस्मेटिक सर्जरी के बाद उस जगह पर कोई क्रीम या मॉयस्चराइजर का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए? अगर ऐसा है तो क्यों है?
निलाभ, सहारनपुर
कॉस्मेटिक सर्जरी के कुछ दिनों के बाद कोई विशेष सावधानी बरतने की जरूरत नहीं होती। जैसे आप हमेशा त्वचा की सामान्य देखभाल करते हैं, वैसे ही करनी होती है।
मेरी उम्र 32 वर्ष है। पिछले दो सालों से आंखों के नीचे काले घेरे हो गए हैं। मैं पर्याप्त नींद लेती हूं। ढेर सारा पानी पीती हूं और अपने खानपान का उचित ध्यान भी रखती हूं। फिर भी ये घेरे कम नहीं होते। इस कारण मेरा चेहरा खराब लगता है। मैं मेकअप भी नहीं कर पाती। क्या कॉस्मेटिक सर्जरी के जरिये इन काले घेरों को स्थायी रूप से हटाया जा सकता है? मेरी समस्या का उचित समाधान बताएं?
पूर्णिमा कौल, दिल्ली
आपको अपनी जीवनशैली में बदलाव लाने की जरूरत है। जो एक प्लास्टिक सर्जन आपको देखकर बता पाएंगे कि इन काले घेरों की खास वजह क्या है। साथ ही इन्हें कैसे कम किया जाए। अगर तब भी यह ठीक नहीं होते हैं तो पीआरपी थेरेपी के जरिये इन्हें ठीक किया जा सकता है। जिसमें मुश्किल से एक घंटे का समय लगता है और आप उसी दिन घर वापस जा सकती हैं।
मेरी उम्र 28 साल है। जल्द ही मेरी शादी होने वाली है। समस्या यह है कि मेरे माथे पर बारीक लकीरें नजर आने लगी हैं, जो देखने में बुरी लगती हैं। क्या कॉस्मेटिक सर्जरी के जरिये बारीक लकीरों को हटाया जा सकता है? ये भी बताएं कि क्या ये उपचार स्थायी होता है और इसे कराने के बाद क्या-क्या सावधानियां बरतनी
पडती हैं?
उदिता गुप्ता, कानपुर
अगर इस उम्र में आपके चेहरे पर बारीक लकीरें आने लगी हैं तो परेशान न हों। इस तरह की परेशानी में किसी प्रकार की सर्जरी की जरूरत नहीं होती है। बल्कि बोटॉक्स और फिलर के जरिये इन्हें ठीक किया जा सकता है। इसमें एक घंटे का समय लगता है। साथ ही पता भी नहीं चलता है कि आपने कोई ट्रीटमेंट कराया है।
मेरी उम्र 24 वर्ष है। समस्या ये है कि मेरे दाहिने गाल (चीक) पर लाल रंग का बर्थ मार्क है। ये निशान पहले छोटा था लेकिन उम्र बढऩे के साथ राजमा के बराबर बडा हो गया है। इस कारण चेहरा खराब लगता है। क्या इसे स्थायी तौर पर हटाया जा सकता है? उचित मार्गदर्शन करें?
एस.सी मित्रा, कोलकाता
बेहतर होगा कि आप किसी प्लास्टिक सर्जन को दिखाएं। ताकि वह बता सकें कि आपके केस में लेजर ट्रीटमेंट उपयुक्त रहेगा या सर्जरी की जरूरत पडेगी। दोनों ही तरीकों से निशान को स्थायी तौर पर हटाया जा सकता है।
मेरी उम्र 35 साल है। मैं मार्केटिंग फील्ड में हूं। लंबे समय तक फील्ड में रहने और हेल्मेट लगाने से मेरे बाल सामने की तरफ से बहुत कम हो गए हैं। गंजेपन की शुरुआत हो गई है। क्या कॉस्मेटिक सर्जरी के जरिये गंजापन दूर किया जा सकता है? मेरे केस में काॅस्मेटिक सर्जरी की कौन सी तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा और इसमें कितना समय लगेगा। विस्तार से समझाएं?
पी. ओस्तवाल, जयपुर
आप किसी विशेषज्ञ को दिखाएं ताकि पता चल सके कि आपको हेयर ट्रास्प्लांट की जरूरत है या नहीं। या किसी मेडिकल उपचार से आपके बाल वापस लाए जा सकते हैं या नहीं। दोनों ही तरीकों के बाद आप हेल्मेट का इस्तेमाल कर सकते हैं।
मैं 39 वर्षीया विवाहिता गृहिणी हूं। पिछले 7-8 साल से मेरा वजन बहुत बढ गया है। मेरा कद 5 फुट 2 इंच है और वजन 72 किलो है। मैंने लिपोसक्शन के बारे में इस मैग्जीन में पढा है। मैं जानना चाहती हूं कि अगर मैं पेट घटाने के लिए लिपोसक्शन करवाना चाहूं तो कौन-सी प्रक्रिया से गुजरना पडेगा। क्या इससे मेरा पेट बिलकुल सही आकार का हो जाएगा? इस प्रक्रिया में कितना समय और कितना खर्च आएगा? मुझे अस्पताल में कितने दिन रहना पडेगा?
बीएल. मिश्रा, हरिद्वार
लिपोसक्शन की प्रक्रिया में आपको एक दिन अस्पताल में रुकना पडता है। डॉक्टर आपका परीक्षण करके ही बता पाएंगे कि इस प्रक्रिया के बाद आपका पेट पूरी तरह सपाट हो पाएगा कि नहीं? लिपोसक्शन की प्रक्रिया में एक दिन हॉस्पिटल में रुकना होता है और कुछ दिन घर पर रुकना होता है।
डॉ. विवेक कुमार
कॉस्मेटिक सर्जन